JAMSHEDPUR: टाटा समूह के दूसरे चेयरमैन सर दोराबजी टाटा की गुरुवार को 161 वीं जयंती मनाई गई। इस मौके पर टाटा स्टील द्वारा ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन करते हुए सर दोराबजी टाटा को श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टाटा स्टील के सीइओ सह एमडी टीवी नरेंद्रन ने कहा कि हमें सर दोराबजी टाटा जैसे नेतृत्वकर्ता के जीवन से सीख लेना चाहिए। इन्होंने अपने कार्यकाल में तब कंपनी व शहर की नींव रखी जब प्रौद्योगिकी और बुनियादी ढांचा तक नहीं था। उस समय कंपनी को विश्वयुद्ध और प्लेग जैसी महामारी का भी सामना किया। ऐसे दौर में उनकी नेतृत्व क्षमता की हमें सीख लेनी चाहिए कि हम हमेशा मजबूत होकर उभरेंगे और हर चुनौतियों पर विजय प्राप्त करेंगे। वहीं, टाटा स्टील के पूर्व एमडी डॉ। जेजे ईरानी ने कहा कि मैंने हमेशा सर दोराबजी टाटा को कार्यन्वयनकर्ता के रूप में देखा। जिनके पास अपने पिता के सपनों को जीवंत करने का साहस था। उनके प्रतिबद्धता के बिना टाटा स्टील प्लांट और जमशेदपुर शहर की कल्पना नहीं की जा सकती है। सर दोराबजी टाटा की जयंती पर कई ऑनलाइन कार्यक्रम भी कर्मचारियों के लिए आयोजित किए गए थे। इस मौके पर कंपनी द्वारा द टाटा लिटरेचर लाइव, स्पोटर्स यात्रा का शुभारंभ किया। इसमें खेल से जुड़े प्रख्यात हस्तियां अपने प्रेरणादायक कहानियों को बच्चों के साथ साझा कर सके।

सुंदर शहर बनाने को आभारी रहेंगे : रवि

इस मौके पर टाटा वर्कर्स यूनियन अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने कहा कि सर दोराबजी टाटा द्वारा छोड़ी गई विरासत के लिए हम सभी ऋणी रहेंगे। उन्होंने बहुत सुंदर शहर का निर्माण किया। जहां स्कूल, अस्पताल सहित सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध है। जो आज हमारे लिए वरदान साबित हो रहे हैं।

सर दोराबजी को दी श्रद्धांजलि

NOAMUNDI : टाटा स्टील ने गुरुवार को नोवामुंडी के सर दोराबजी टाटा बॉटनिकल पार्क में सर दोराबजी टाटा की 161वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें व उनकी उपलब्धियों को याद किया। ओएमक्यू डीविजन के जीएम अतुल भटनागर ने कंपनी के कर्मचारियों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सख्ती के साथ सामाजिक दूरी के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। सर दोराबजी टाटा भारत में औद्योगिकीकरण के पथ प्रदर्शक थे। 1907 से 1932 तक टाटा स्टील के प्रथम चेयरमैन के रूप में उन्होंने देश के पहले स्टील प्लांट का मार्ग प्रशस्त किया और जेएन टाटा के सपने का साकार किया।

सर दोराबजी टाटा की जयंती पर राशन बांटा

JAMSHEDPUR: सर दोराबजी टाटा की 161 वीं जयंती के उपलक्ष्य पर टाटा वर्कर्स यूनियन के कमेटी मेंबरों द्वारा जरूरतमंदों के बीच राशन का वितरण किया गया। इस मौके पर बिष्टुपुर स्थित ओल्ड एज होम में रहने वालों को राशन, मास्क, नहाने का साबुन दिया गया। इस मौके पर यूनियन के सहायक सचिव नितेश राज, कमेटी मेंबर विजय सिंह, धनंजय, जेपी लेंका, आरके सिंह व पुष्कर सहित अन्य उपस्थित थे।