जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को कुल छह हजार 46 लोगों की जांच हुई। इसमें छह लोग संक्रमित मिले। सबसे अधिक मानगो में दो मरीज मिले। इसके अलावा बहरागोड़ा, धालभूमगढ़, साकची व टेल्को में एक-एक मरीज मिले। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हजार 785 हो गई है। वहीं, अभी तक कुल 1057 मरीजों की मौत हो चुकी है। पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंड से रविवार को कुल चार हजार 646 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रिपोर्ट मंगलवार तक आने की उम्मीद है। जिले में अभी तक कुल 12 लाख 60 हजार 721 लोगों की जांच हो चुकी है।

चार मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे

शहर के कोविड अस्पतालों में भर्ती कुल चार मरीज रविवार को स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अभी तक कुल 50 हजार 702 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.92 प्रतिशत है।

ली वैक्सीन की पहली डोज

पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को दो हजार 378 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली। वहीं, एक हजार 817 लोगों ने दूसरी डोज ली। जिले में अभी तक कुल छह लाख 54 हजार 456 लोगों ने पहली डोज ली है। वहीं, दो लाख 25 हजार 869 लोगों ने दूसरी डोज ली है।

बिना वैक्सीन लिए कॉलेजों में नो इंट्री

कोविड-19 (कोरोना) को लेकर लागू स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह में झारखंड सरकार ने कालेज में पठन-पाठन की अनुमति दे दी है, लिहाजा सोमवार से कक्षाएं शुरू होंगी। हालांकि इसके लिए कुछ शर्तों का पालन करना होगा। इसके तहत कक्षा में पढ़ाने वाले शिक्षकों को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लेना अनिवार्य किया गया है, जबकि छात्रों को कम से कम एक डोज लेना जरूरी है। जिला प्रशासन इसकी औचक जांच भी करेगा। इसके अलावा प्रशासनिक कार्यों की वजह से शिक्षकों व कर्मचारियों को उपस्थिति या हाजिरी बनाने की अनुमति दी गई है, जबकि छात्रों के लिए यह अनिवार्य नहीं होगा। कालेज में शारीरिक दूरी का पालन कराने और भीड़भाड़ से बचने के लिए फिलहाल अंतिम वर्ष के छात्रों को ही कालेज आने को कहा गया है। इस बीच डिजिटल क्लास की प्रक्रिया भी जारी रहेगी, ताकि जो छात्र कालेज नहीं आएंगे, उनकी पढ़ाई बाधित नहीं हो। छात्रों को अभिभावक का पूर्व सहमति लाना अनिवार्य है। कालेज में कोई भी खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि ग्रुप एक्टिविटी नहीं होगी। कालेज के कमरों में एयरकंडीशंड न्यूनतम स्तर पर चलाने की अनुमति दी गई है। कोरोना के अनिवार्य नियम के तहत सभी को मास्क पहनना अनिवार्य है, जिसमें मुंह व नाक पूरी तरह ढंके रहें।