जमशेदपुर (ब्यूरो): मारवाड़ी सम्मेलन साकची शाखा के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में सुरेश काउंटिया को मतदान के बाद अध्यक्ष चुन लिया गया। सुरेश ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बिनोद कुमार साह को 37 मतों से पराजित किया। चुनाव में 74.06 प्रतिशत मतदान हुआ। शनिवार को साकची स्थित श्री अग्रसेन भवन में मारवाड़ी सम्मेलन साकची शाखा के अध्यक्ष पद (सत्र 2023-25) का चुनाव शांति पूर्वक संपन्न हुआ। आज हुए मतदान में सुरेश कुमार कांवटिया को 117 और बिनोद कुमार साह को 80 वोट मिले। इस तरह सुरेश 37 वोट से विजयी हुए। प्रतिशत में देखें तो सुरेश को 43.98 और बिनोद साह को 30.07 प्रतिशत वोट मिले।

197 वोटर्स ने डाले वोट

चुनाव में कुल 266 मतदाताओं में से 197 मतदाताओं ने अपना मताधिकार का प्रयोग किया। मुख्य चुनाव पदाधिकारी बजरंग लाल अग्रवाल की देखरेख में 11 लोगों की टीम ने चुनाव संपन्न कराया। मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशी सुरेश को चुनाव पदाधिकारी ने जीत का प्रमाण पत्र दिया।

पदभार सौंपा गया

चुनावी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद निवर्तमान अध्यक्ष महावीर मोदी ने नव निर्वाचित अध्यक्ष सुरेश कुमार काउंटिया को पदभार सौंपा। महावीर मोदी ने कहा कि साकची में होली पर्व का आयोजन ऐतिहासिक होता है। होली पर्व की निकटता को देखते हुए पदभार आज ही दे दिया गया। नव निर्वाचित अध्यक्ष सुरेश कुमार काउंटिया ने कहा कि समाज के सभी लोगों के साथ मिलकर हर साल की तरह इस साल भी होली पर्व का आयोजन ऐतिहासिक किया जायेगा। उन्होंने शीघ्र ही नयी टीम बनाने की बात भी कही।