JAMSHEDPUR: निर्माण उपकरण बनाने में अव्वल टाटा हिताची जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारी एक सितंबर से खड़गपुर प्लांट जाना शुरू करेंगे। पहले क्रम में यहां के एसेंबली लाइन में कार्यरत करीब 50-60 कर्मचारियों का स्थानांतरण होगा फिर क्रमवार कर सभी का वहां भेजा जाएगा। फिलहाल यहां कर्मचारियों की संख्या 230 बताई जा रही हैं।

बताया जाता है कि कंपनी यहां जमशेदपुर में मार्च- 2020 तक रहेगी तब तक कर्मचारियों को मिलने वाली हर सुविधाएं उन्हें मिलती रहेगी। कंपनी क्वार्टर, स्कूल, सोसाइटी, हॉस्पिटल आदि सभी तरह की सुविधाएं उन्हें मिलेगी। अभी तक यहां के अधिकारियों का ही वहां स्थानांतरण हुआ है कुछ गिने-चुने डिवीजनवार प्रमुख ही यहां कार्यरत हैं। हालांकि कंपनी शिफ्टिंग का काम वर्षो से शुरू है, लेकिन अभी तक यहां के कर्मचारियों को वहां नहीं भेजा गया है। कुछ दिनों के लिए यहां के कर्मचारियों को वहां जरूर भेजा गया है, लेकिन 15-20 दिन वहां काम कर वे सभी वापस आ गए हैं। वहां की कार्यशैली व सुख-सुविधाओं का आकलन करने के लिए बीते दिनों यूनियन अध्यक्ष सी माझी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल खड़गपुर गया था अब यूनियन महामंत्री एसके सिंह के नेतृत्व में बहुत जल्द यूनियन का एक जत्था खड़गपुर जाकर वहां की क्रिया-कलापों से अवगत होगा।

सहमति नहीं बनी

हिताची कर्मियों को टाटा मोटर्स में वापसी करने के मामले में सहमति नहीं बनी हैं। प्रबंधन-यूनियन का कहना है कि टाटा मोटर्स यहां के कर्मचारियों को वापस लेने को तैयार नहीं हैं। इस मामले में कई अड़चने आएगी जिसका खुलासा कर्मचारियों के बीच कर दिया गया हैं। रविवार को टेल्को थीम पार्क में हिताची कर्मियों की एक बैठक हुई जिसमें टाटा मोटर्स में वापसी पर जोर दिया गया। तय हुआ कि कर्मचारियों का एक जत्था बहुत जल्द प्रबंधन से मिलकर अपना विरोध दर्ज करेगा।

ग्रेड रिवीजन अगले माह

टाटा हिताची कर्मचारियों का ग्रेड अगले माह जून तक होना तय माना जा रहा हैं। कर्मचारियों का ग्रेड एक अप्रैल-18 से लंबित हैं। कर्मचारियों को खड़गपुर भेजने से पूर्व ग्रेड पर सहमति बनाने का दबाव हैं। हाल ही में ग्रेड को लेकर कंपनी के एचआर प्रमख एस.असरफ के साथ यूनियन की बैठक हुई हैं। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों को खड़गपुर भेजने से पूर्व बेहतर ग्रेड नही चाहिए। पिछले ग्रेड में औसतन 7,800 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी इस बार 12,000 तक का इजाफा करने का दबाव हैं।

हिताची कर्मचारियों के ग्रेड पर प्रबंधन के साथ उनकी वार्ता शुरू है। बहुत सी बिंदुओं को उठाया गया है तथा कुछ पर सहमति भी बनी हैं। कर्मचारियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो इस पर यूनियन की नजर हैं। समय रहते बेहतर ग्रेड रिवीजन कराना यूनियन की पहली प्राथमिकता होगी।

-सी माझी, अध्यक्ष, टेल्कॉन वर्कर्स यूनियन।