JAMSHEDPUR: टाटा स्टील अपने संस्थापक जमशेदजी नौसेरवानजी टाटा की 182 वीं जयंती मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस मौके पर विभिन्न कार्यक्त्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में आज बेल्डीह क्लब में पत्रकारों से बात करते हुए टाटा स्टील के वीपी (कॉर्पोरेट सर्विसेज), चाणक्य चौधरी ने कहा कि अपने संस्थापक जे एन टाटा की विरासत को आगे बढ़ाना हमारा सौभाग्य और जिम्मेवारी है। श्री चौधरी ने कहा कि इस वर्ष, समारोह का आयोजन कोविड-19 को ध्यान में रखकर किया जाएगा, लेकिन संस्थापक को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्त्रम आयोजित किया जाएगा। हालांकि इसमें सीमित संख्या में लोग शामिल होंगे।

फाउंडर्स डे के मौके पर जुबली पार्क में संस्थापक को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके साथ ही जमशेदपुर वर्क्स में संस्थापक दिवस समारोह, बिष्टुपुर पोस्टल पार्क में संस्थापक दिवस कार्यक्त्रम, जमशेदपुर वर्कर्स के अंदर स्टीलनियम हॉल में प्रदर्शनी और जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में संस्थापक दिवस खेल का आयोजन होगा। इसके साथ ही जमशेदपुर वर्क्स में कर्मचारियों के साथ-साथ सिटी के सेलेक्टेड ग्रुप के लिए लाइव स्ट्रीम किया जाएगा। महामारी को देखते हुए, जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाले स्पो‌र्ट्स में 'नो कॉन्टैक्ट' स्पो‌र्ट्स जैसे रनिंग, लॉन्ग जंप और रेस वॉक आदि ही आर्गनाइज किए जाएंगे।

संस्थापक दिवस की थीम

इस वर्ष के संस्थापक दिवस की थीम 'स्थायी कल के लिए आज की चपलता' है। टाटा स्टील सहित सफल संगठनों ने कार्यस्थल संस्कृति और पर्यावरण में तेजी और फूर्ति की महत्वपूर्ण आवश्यकता को स्वीकार किया है।

एक दर्जन बिल्डिंग होंगे रोशन

चूंकि इस साल महामारी के कारण सार्वजनिक कार्यक्त्रम नहीं होंगे। ऐसे में लाइटिंग सज्जा की जा रही है। इसके तहत इस साल एक दर्जन से अधिक भवनों और 30 से अधिक गोलचक्कर पर 2 मार्च से 5 मार्च तक लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है।

नवल टाटा हॉकी एकेडमी भवन का होगा उद्घाटन

संस्थापक दिवस के मौके पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएगी। इसके तहत टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन नवल टाटा हॉकी अकादमी भवन का उद्घाटन करेंगे।

चंद्रशेखरन दो को आएंगे शहर

संस्थापक दिवस के लिए दो मार्च को टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन शहर आएंगे। हालांकि टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन रतन टाटा आएंगे या नहीं, यह अभी तक तय नहीं हो पाया है। हालांकि उन्होंने शहर आने का आश्वासन जरूर दिया है। पिछले वर्ष भी स्वास्थ्य कारणों से रतन टाटा शहर नहीं आए थे। टाटा समूह के संस्थापक जमशेद जी नसेरवान जी टाटा के नाम से यह शहर जमशेदपुर बसा है। इसी शहर से टाटा समूह की नींव रखी गई थी। ऐसे में संस्थापक दिवस की जयंती पर प्रत्येक वर्ष रतन टाटा और टाटा समूह के चेयरमैन के शहर आने की परंपरा है। जहां दो मार्च को चेयरमैन के हाथों से जुबली पार्क में विद्युतसज्जा का शुभारंभ करते हैं। इसके अलावे तीन मार्च को बिष्टुपुर पोस्टल पार्क से शहरवासियों को भी संबोधित करते हैं। लेकिन कोविड 19 के कारण भीड़ की संभावनाओं को देखते हुए इस वर्ष चेयरमैन का संबोधन नहीं होगा।