जमशेदपुर (ब्यूरो): शहरी वनों की अवधारणा को ध्यान में रखते हुए, टाटा स्टील ने अपनी तरह का पहला जमशेदपुर सिटी फॉरेस्ट जमशेदपुर के नागरिकों को समर्पित किया। इसे कदमा में तैयार किया गया है। इसका उद्घाटन टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विसेज के वीपी चाणक्य चौधरी ने किया। मौके पर टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी के साथ वाइस प्रेसिडेंट अवनीश गुप्ता, आत्रेयी सान्याल, शैलेश कुमार सिंह, सतीश कुमार सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

5.10 एकड़ भूमि में

जमशेदपुर सिटी फॉरेस्ट शहरीकरण के कारण शहरों में हरे-भरे स्थानों की कमी को दूर करने का एक प्रयास है। जमशेदपुर सिटी फॉरेस्ट 5.10 एकड़ भूमि में फैला हुआ है और इसमें 37,000 से अधिक वृक्षारोपण किये गए हैं.पौधों को लगाने में मियावाकी पद्धति का उपयोग किया गया, जो 15-20 वर्षों के भीतर देशी शहरी वन पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करता है। यह जंगल जेएमडी पार्क, कदमा बायोडायवर्सिटी पार्क, जमशेदपुर नेचर ट्रेल, दलमा व्यू प्वाइंट, सीआरएम बारा आदि जैसे बड़े पैमाने की पहल के अनुरूप है। इसके जरिए 2016 में जमशेदपुर में हरित आवरण को लगभग 35 प्रतिशत से 2023 में लगभग 38 प्रतिशत तक बढ़ाने में मदद मिली है।

अवकाश प्राप्त कर्मियों को दी गई विदाई

टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन कार्यालय में शनिवार को सेवानिवृत्त हुए छह कर्मचारियों को विदाई दी गई। यूनियन कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में सभी को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान फाउंड्री के सौमित्र बख्शी, ट्रांसमिशन के मोहम्मद शहज़ाद, पीपीसी के प्रदीप सरकार, व्हिकल फैक्टरी के सुशांत दत्ता, फ्रेम फैक्ट्री के पवन, इंजन के प्रेम प्रकाश गुप्ता को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में अध्यक्ष गुरमीत सिंह के साथ सभी ऑफिस बेयरर, कमेटी मेंबर और आर के सिंह फैंस क्लब के लोग उपस्थित थे। सम्मान समारोह का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा और धन्यवाद ज्ञापन एचएस सैनी ने किया।