JAMSHEDPUR : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में आने वाले टाटानगर, चक्रधरपुर, राउरकेला और झारसुगुड़ा स्टेशन को इको फ्रेंडली स्टेशन की मान्यता से नवाजा गया है। इसकी मान्यता के लिए इन स्टेशनों को आइएसओ 14001:2015 प्रमाणपत्र देकर इको फ्रेंडली स्टेशन के रूप में सम्मानित किया गया है।

यह जानकारी गार्डेनरीच से दी गई है। टाटानगर, चक्रधपुर, राउरकेला और झारसुगुड़ा स्टेशन परिसर में स्वच्छ व हरे वातावरण को रेल अधिकारियों ने बहाल कराने में कामयाबी हासिल कर ली है। इन स्टेशनों में यात्री सुविधाओं और यात्रियों से जुड़ी सेवाओं को बहाल किया गया है। इससे पहले रांची, दीघा, आद्रा, बांकुरा, बिष्णुपुर, पुरुलिया और बोकारो स्टील सिटी स्टेशन को आइएसओ सार्टिफिकेट से नवाजा जा चुका है।

इन्हें बनाया जाएगा इको फ्रेंडली

दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा खड़गपुर, मेहदा, संतरागाछी, बागन, पंसकुरा, शालीमार, झाड़ग्राम, मिदनापुर, बालासोर और हटिया स्टेशन को इको फ्रेंडली स्टेशन के रुप में विकसित करने के लिए प्रयास किया जा रहा है।

किए जा रहे ये काम

जिन स्टेशनों को इको फ्रेंडली बनाया जाना है उन स्टेशनों में प्लास्टिक की बोतल के पुन: उपयोग से बचने, स्टेशन परिसर में बॉटल क्रासिंग मशीन लगाना। पारंपरिक शौचालयों को इको फ्रेंडली या ग्रीन शौचालयों में बदलना, रेलवे ट्रैक और आस-पास के क्षेत्रों में खुले में शौच को रोकने के उपाय जिसमें मंडल स्तर में टास्क फोर्स का गठन किया जाना। राज्य सरकारों व वन विभाग के सहयोग से वृक्षारोपण। पानी और ऊर्जा के दुरुपयोग को नियंत्रित करने के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट की व्यवस्था करना।