जमशेदपुर (ब्यूरो) : मानगो के उलीडीह थाना अंतर्गत महावीर कॉलोनी के रहने वाले उदय सिंह के घर चोरों ने लाखों रुपए के सामान सहित जेवरातों पर हाथ साफ कर लिया। घटना के वक्त पूरा परिवार घर में ताला लगाकर छठ पूजा करने के लिए डिमना लेक गया हुआ था। परिजनों के वापस लौटने के बाद उन्हें घटना की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

गए थे डिमना लेक

बताते हैं कि पीडि़त उदय सिंह का पूरा परिवार सुबह का अघ्र्य देने के लिए घर में ताला लगाकर डिमना लेक गया था। डिमना लेक में सुबह का अघ्र्य देकर जब उदय सिंह लौटे तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने पाया कि घर का मुख्य दरवाजा तोडक़र चोर अंदर प्रवेश करके घर में रखे हुए दोनों अलमारी के साथ-साथ बॉक्स पलंग को तोडक़र घर में रखा हुआ नकद और सारे जेवरात लेकर फरार हो गए हैं। घर की स्थिति देखकर उदय की 65 वर्षीय मां कलावती देवी बेहोश हो गई।

मामले की जानकारी ली

घर वालों ने इसकी सूचना भाजपा नेता विकास सिंह को दी। सूचना मिलते ही स्वयं छठ का व्रत कर रहे भाजपा नेता विकास सिंह सीधे नदी से महावीर कॉलोनी पहुंचे और मामले की जानकारी ली। भाजपा नेता विकास सिंह को देखते ही उदय की मां कलावती ने देवी फुट कर रोते हुए बताया कि छठ घाट जाने के पहले उन्होंने अपनी बड़ी बहू को कहा की छठ घाट में बहुत भीड़ रहती है, इसलिए गले का चेन और कान का झुमका घर पर ही खोल कर रख दे। कहा कि दो दिन बाद छोटे बेटे की सगाई होने वाली है, नई बहू के लिए भी छठ पूजा के पूर्व जेवरात खरीद कर सगाई हेतु घर में लाया गया था। उदय ने बताया कि लगभग दस लाख के सोने के जेवरात एवं घर में रखे हुए लगभग साठ हजार रुपए चोरी हो गए हैं। प्रात: 4 बजे उदय का पूरा परिवार डिमना लेक छठ पूजा करने गया था। सुबह 4 बजे के बाद ही चोरों ने रॉड की मदद से घर का मुख्य दरवाजा तोडक़र अंदर प्रवेश कर भीतर से दरवाजा को बंद कर आसानी से घर में रखे दो अलमारी को तोडक़र पूरा सामान लेकर रफू चक्कर हो गए।

सिर्फ ताला ही तोड़ पाए

दूसरी ओर उदय के घर के बगल में ही रहने वाले उपेंद्र शर्मा के घर में चोरों ने धावा बोलकर मुख्य दरवाजा को तोड़ दिया, लेकिन लोगों का आगमन बस्ती में होने लगा, इसलिए चोर उपेंद्र शर्मा के घर का केवल ताला ही तोड़ पाए, लेकिन चोरी नहीं कर पाए। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता विकास सिंह ने स्थानीय थानेदार को फोन पर मामले की जानकारी देते हुए घटनास्थल पर आकर पीडि़त परिवार का हाल लेते हुए अपराधियों को पकडऩे की बात कही।

तो बिगड़ गया मामला

स्थानीय थानेदार के घटनास्थल पर पहुंचने पर मामला उस वक्त बिगड़ गया जब मौके पर मौजूद मोहल्ले के ही अशोक पात्रो ने बताया कि आज से एक माह पूर्व उनके घर में चोर प्रवेश कर ताला तोडक़र एक लाख रुपए लेकर रफूचक्कर हो गए थे। घटना के वक्त उनकी पत्नी की नींद टूट गई थी। जब उसने शोर मचाना शुरू किया तो चोरों ने उसपर रॉड से हमला कर फरार हो गए थे। कहा जा रहा है कि जिस रॉड से उदय के घर में ताला तोड़ा गया उसी आकार और लंबाई से अशोक पात्रो की पत्नी के ऊपर हमला हुआ था। अशोक पात्रो ने इसकी शिकायत उलीडीह थाने में की थी, लेकिन एक महीना भी जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई और न ही कोई पुलिस का अधिकारी अशोक पात्रो से आज तक मामले की जानकारी लेने ही पहुंचा। इसके बाद आक्रोशित बस्तीवासियों ने मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के खिलाफ जमकर मुर्दाबाद का नारा लगाते हुए वापस जाने की बात कही।

पुलिस गश्ती नहीं

सैकड़ो की संख्या में जुटे बस्ती वासियों ने बताया कि वर्षों से कभी भी महावीर कॉलोनी में पुलिस की गश्ती नहीं हुई है। मोहल्ले में खुलेआम ब्राउन शुगर, गांजा और हीरोइन की बिक्री हो रही है। शाम ढलते ही लोग अपराधियों के डर से अपने घर में कैद हो जाते हैं। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता विकास सिंह ने कहा कि पूरे मानगो में अपराध बेकाबू हो गया है। जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक ने अखबार के माध्यम से लोगों को भरोसा दिलाया था कि निश्चिंत होकर छठ कीजिए किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी, लेकिन यहां तो परिवार की पूरी जिंदगी तबाह हो गई। विकास सिंह ने बताया कि अगर अपराधी नहीं पकड़े गए और उदय के घर से हुई चोरी का माल जिसकी कीमत लगभग दस लाख है, वापस नहीं मिला तो बस्तीवासियों के साथ उलीडीह थाने में हल्ला बोल किया जाएगा। मौके पर विकास सिंह, दुर्गा चरण दत्ता, दीपक सुंडी, राम सिंह कुशवाहा, मुकेश तिवारी सहित सैकड़ों बस्तीवासी उपस्थित थे।