जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में सोमवार को पांच हजार 829 लोगों की जांच हुई। इसमें तीन संक्रमित मिले। ये मरीज बहरागोड़ा, कदमा व टेल्को निवासी हैं। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हजार 857 हो गई है। वहीं, 1057 मरीजों की मौत हो गई है।

छह हजार से अधिक लोगों का लिया गया नमूना

पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से सोमवार को छह हजार 239 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रिपोर्ट बुधवार तक आने की उम्मीद है। जिले में अभी तक कुल 15 लाख एक हजार 297 लोगों की जांच हो चुकी है।

दो मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे

शहर के विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती कुल दो मरीज सोमवार को स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अभी तक कुल 50 हजार 780 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.93 प्रतिशत है।

साढ़े 29 हजार से अधिक लोगों ने ली वैक्सीन की पहली डोज

पूर्वी सिंहभूम जिले में सोमवार को कुल 29 हजार 536 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली। वहीं, एक हजार 71 लोगों ने दूसरी डोज ली। जिले में अभी तक कुल नौ लाख 61 हजार 318 लोगों ने पहली डोज ली है। वहीं, तीन लाख 44 हजार 439 लोगों ने दूसरी डोज ली है।

सदर अस्पताल में अब हार्ट मरीजों का भी होगा इलाज

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : परसुडीह स्थित सदर अस्पताल में किडनी के बाद अब हार्ट मरीजों का भी इलाज शुरू होगा। इसके लिए एक ईसीजी मशीन व चार कार्डियक मॉनिटर मशीन आई है। टाटा ब्लू स्कोप कंपनी की ओर से सोमवार को यह चारों मशीन सिविल सर्जन डॉ। एके लाल को सौंपा गया। डॉ। एके लाल ने बताया कि सदर अस्पताल में मरीजों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के मकसद से हर संभव कोशिश किया जा रहा है। ईसीजी मशीन व कार्डियक मॉनिटर मिलने से मरीजों को लाभ मिलेगा। अस्पताल में कार्डियक एंबुलेंस भी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने को लेकर विभाग को पत्र लिखा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही चिकित्सकों की संख्या बढ़ेगी। इससे सभी तरह के मरीजों का इलाज संभव होगा। इस अवसर पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ। एबीके बाखला, हॉस्पिटल मैनेजर निशांत पांडे, तुषारकांती बनर्जी सहित अन्य उपस्थित थे।