जमशेदपुर (ब्यूरो)। आजादी के 75वीं वर्षगांठ पर अमृत महोत्सव के तहत भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में रविवार को प्रस्तावित विशाल तिरंगा यात्रा की तैयारी के क्रम में कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा और आसपास के स्थान की साफ-सफाई की। शनिवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव के नेतृत्व में भाजपा जिला पदाधिकारी एवं मोर्चा अध्यक्षों ने साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आदमकद प्रतिमा की पानी से धुलाई व सफाई की। सफाई के क्रम में भाजपा ने प्रतिमा स्थल पर उगे लंबे घास की मशीन द्वारा कटाई की।

यात्रा की तैयारियां अंतिम दौर पर

इस अवसर पर जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के आह्वान पर रविवार को निकाले जाने वाले तिरंगा यात्रा को लेकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। रविवार को तिरंगा यात्रा नेताजी सुभाष मैदान, साकची से प्रारंभ होकर साकची बड़ा गोलचक्कर, आई अस्पताल, बसंत टॉकीज गोलचक्कर के रास्ते, 9 नंबर स्टैंड, मिल्की राम बिल्डिंग, रामलीला मैदान होते हुए शीतला मंदिर के रास्ते वापस नेताजी सुभाष मैदान में आकर सम्पन्न होगी। उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा में 11 सदस्यीय बैंड-बाजा, दो वाहनों पर डीजे संगीत के बीच हजारों कार्यकर्ता राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर पैदल यात्रा में भाग लेंगे। कहा कि पार्टी ने आजादी के 75वें वर्षगांठ को पूरे धूमधाम से मनाने हेतु सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली है। बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर शहर की सामाजिक संस्था की ओर से सेवा शिविर लगायी जाएगी। गुंजन यादव ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ शहर के आम नागरिकों से तिरंगा यात्रा में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। इस दौरान सुधांशु ओझा, संजीव सिन्हा, बबुआ सिंह, राकेश सिंह, पप्पू सिंह, मंजीत सिंह, नीलू मछुआ, राजीव सिंह, प्रेम झा, ज्ञान प्रकाश, बिनोद कुमार सिंह, अमित अग्रवाल, मुचिराम बाउरी, बिनानंद सिरका, अजीत कालिंदी, महावीर महतो समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे