जमशेदपुर (ब्यूरो) : बागबेड़ा कॉलोनी वायरलेस मैदान के नजदीक शांति निकेतन मध्य एवं उच्च विद्यालय में स्कूली बच्चों के बीच यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान बच्चों को यातायात से संबंधित जानकारी दी गई। कार्यक्रम में यातायात थाना प्रभारी संगीता कुमारी, समाजसेवी शशि आचार्या, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने संयुक्त रूप से स्कूली बच्चों को यातायात से संबंधित कई टिप्स दिए। यातायात थाना प्रभारी संगीता कुमारी ने स्कूली बच्चों को 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को गाड़ी नहीं चलाने, हेलमेट पहनने, हेलमेट में बेल्ट लगाने, यातायात सुरक्षा के सारे नियमों का पालन करने, नियमों का पालन नहीं करनेवाले लोगों पर फाइन काटकर कार्रवाई करने इत्यादि की जानकारी दी। इस दौरान स्कूली बच्चों से सवाल-जवाब भी किया गया। अंत में यातायात से संबंधित सारे नियमों का पालन करने की शपथ भी स्कूली बच्चों को दिलाई गई।

इनकी रही मौजूदगी

इस मौके पर समाजसेवी शशि आचार्या, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, प्रधानाचार्य बीएन चौधरी, सह प्रधानाचार्य केपी सिंह, शिक्षक ओम प्रकाश शर्मा, अवधेश चौबे, शिक्षिका निकिता कुमारी, कमला देवी, सुधीर उपस्थित थे।

कोल्हान उप प्रधान बने सदन ठाकुर

साकची काशीडीह निवासी सदन कुमार ठाकुर को झारखंड राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के कोल्हान प्रमंडल का उप प्रधान नियुक्त किया गया है। वर्तमान में ज्योति प्रकाश शेखर उप मंत्री हैं। इस संबंध संस्थान के मंत्री पूर्ण चंद आर्य ने उनसे कोल्हान प्रमंडल के सभी जिलों, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के सभी आर्य समाज की गतिविधियों एवं आर्य समाज द्वारा संचालित सभी विद्यालयों के सम्यक संचालन को देखने को कहा है। इसके साथ ही जिन विद्यालयों में निर्वाचित पदाधिकारियों का कार्यकाल एक वर्ष से अधिक हो गया है, वहां चुनाव की प्रक्रिया संपन्न कराने को कहा गया है।

गोविंद विद्यालय की प्राची को रजत पदक

19 वीं सब जूनियर राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता का आयोजन 13 और 14 मई को रांची के मूरी स्थित संत माइकल स्कूल में हुआ। इसमें 14 वर्ष की आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। गोविंद विद्यालय के खेल शिक्षक गोकुलानंद मिश्रा के नेतृत्व में छात्रा प्राची महतो ने 19 वीं राज्य स्तरीय सब जूनियर वुशु प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने में सफलता हासिल की। रांची से वापस आने के बाद विद्यालय में प्राचार्या कृष्णा मोदक, सचिव अभिषेक शर्मा, एक्टिविटी इंचार्ज नौशाद रजिया, शिक्षक और उपस्थित विद्यार्थियों के बीच प्राची महतो को सम्मानित किया गया।