JAMSHEDPUR : पश्चिमी सिंहभूम के झींकपानी थाना अंतर्गत असुरा गांव में मंगलवार की सुबह पुआल में लगी आग में जलकर दो मासूमच्बच्चों की मौत हो गई है। मृतकों में ढाई साल का रोहन गोप और तीन साल का राजवीर गोप शामिल हैं। दोनों चचेरे भाई हैं। घटना सुबह 10 बजे की है। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिये। इस संबंध में झींकपानी थाना में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है।

शवों को परिजनों को सौंपा

दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए गये। बताया जा रहा है कि पुआल में जल रहे बच्चे बचाने के लिए चीख-चिल्ला रहे थे मगर गांव वालों के कान तक उनकी आवाज नहीं पहुंच पायी और दोनोंच्बच्चे देखते ही देखते आग में पूरा जल गये। रोहन गोप के पिता शिबो गोप ने बताया कि घर से करीब 50 फीट की दूरी पर पुआल का घर बना रखा था। वो बगान में पानी डालने गए थे। रोहन की मां मजदूरी करने चाईबासा आयी हुई थी। इसी दरम्यान रोहन और पड़ोस में रह रहे भाई राम अवतार गोप का बेटा राजवीर माचिस लेकर पुआल घर की ओर खेलने निकल गए। संभवत: खेल- खेल में दोनों ने माचिस से तीली जलाकर जमीन पर फेंक दी होगी। इसी से पुआल में आग पकड़ ली। पुआल घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख हम लोग घटनास्थल की ओर गये। काफी कोशिशों के बाद आग बुझाकर दोनों बच्चों को किसी तरह बाहर निकाला गया। देखा कि दोनों पूरी तरह जल गये थे। रोहन की मौत हो चुकी थी जबकि राजवीर की सांस चल रही थी। अस्पताल लाने के क्रम में राजवीर ने भी दम तोड़ दिया। इधर, दो चचेरे भाइयों की आग में जलकर मौत से असुरा गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है। किसी को समझ नहीं आ रहा कि हादसा कैसे हो गया।

घर के बगल में रखे पुआल को घरनुमा बनाया गया था। इसमें दोनों बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान पुआल में आग लग गयी। दोनों बच्चे उसी में फंसकर जल गये। हम लोगों ने सूचना मिलते ही गांव में फायर ब्रिगेड की गाड़ी भेजकर आग बुझाने में मदद की।

रवि रंजन, थाना प्रभारी, झींकपानी