जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या में उतार-चढ़ाव जारी है। मंगलवार को कुल पांच हजार 477 लोगों की जांच हुई। इसमें दो संक्रमित मिले। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हजार 816 हो गई है। जबकि एक हजार 57 लोगों की मौत हुई है। वहीं, छह हजार 472 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रिपोर्ट गुरुवार तक आने की संभावना है।

एक मरीज स्वस्थ हुआ

महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती एक कोरोना का मरीज मंगलवार को स्वस्थ होकर घर लौटा। जिले में अभी तक कुल 50 हजार 739 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.92 प्रतिशत है।

लोगों ने ली वैक्सीन

पूर्वी सिंहभूम जिले में मंगलवार को एक हजार 517 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली। वहीं, 882 लोगों ने दूसरी डोज ली। जिले में अभी तक कुल सात लाख 21 हजार 332 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली। वहीं, दो लाख 62 हजार 829 लोगों ने दूसरी डोज ली है।

चाईबासा में एक भी संक्रमित नहीं

चाईबासा में मंगलवार को एक भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिला। तीन कोरोना संक्रमितों को डिस्चार्ज किया गया। मंगलवार को एक भी मौत कोरोना की वजह से नहीं हुई। पश्चिमी सिंहभूम जिले में कुल एक्टिव केस की संख्या तीन है। जिले में अभी तक कुल संक्रमित व्यक्ति की संख्या 13,007 है। जिले में अभी तक कुल डिस्चार्ज किए गए व्यक्ति की संख्या 12,870 है। पश्चिमी सिंहभूम में अभी तक कुल मृतकों की संख्या 134 है। जिले में वैक्सीन लेने वाले कुल लाभुकों की संख्या 4,66,277 और जिले में मंगवार को वैक्सीन लेने वाले लाभुकों की संख्या 2,928 है।

भेजी गई 2.74 लाख डोज कोविशील्ड वैक्सीन

स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना टीकाकरण को लेकर मंगलवार को 2,74,480 डोज कोविशील्ड वैक्सीन विभिन्न जिलों को आवंटित की। ये वैक्सीन मंगलवार को ही रांची पहुंची थी। इसके बाद जिलों की आबादी एवं खपत के आधार पर वैक्सीन आवंटित की गई। सबसे अधिक 21 हजार डोज वैक्सीन रांची जिले को मिली है। अन्य जिलों की बात करें तो बोकारो को 14,500, चतरा को 10 हजार, देवघर को 12 हजार, धनबाद को 18 हजार, दुमका को 10,750, पूर्वी सिंहभूम को 18 हजार, गढ़वा को 11 हजार, गिरिडीह को 17,750 गोड्डा को 10,500, गुमला को 9,750, हजारीबाग को 12,750, जामताड़ा को 8,250, खूंटी को 6,500, कोडरमा को 7,500, लातेहार को आठ हजार, लोहरदगा को 6,480, पाकुड़ को नौ हजार, पलामू को 13,500, रामगढ़ को नौ हजार, साहिबगंज को 10,75, सरायकेला खरसावां को 10 हजार, सिमडेगा को सात हजार तथा पश्चिमी सिंहभूम को 12,500 डोज कोविशील्ड वैक्सीन भेजी गई।