जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या में उतार-चढ़ाव जारी है। रविवार को कुल छह हजार 148 लोगों की जांच हुई। इसमें दो कोरोना के मरीज मिले। ये मरीज सोनारी व मानगो क्षेत्र के रहने वाले हैं। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हजार 841 हो गई है। वहीं, अबतक 1057 मरीजों की मौत हो चुकी हैं। रविवार को एक भी मरीज की मौत नहीं हुई।

लोगों का लिया गया सैंपल

पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से रविवार को कुल चार हजार 356 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रिपोर्ट मंगलवार तक आने की उम्मीद है। जिले में अभी तक कुल 14 लाख 46 हजार 126 लोगों की जांच हुई है। महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती एक मरीज रविवार को स्वस्थ होकर घर लौटा। जिले में अभी तक कुल 50 हजार 763 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.92 प्रतिशत है।

ली वैक्सीन की पहली डोज

पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को दो हजार 29 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली। वहीं, एक हजार 179 लोगों ने दूसरी डोज ली। जिले में अभी तक कुल आठ लाख दो हजार 658 लोगों ने पहली डोज ली है। वहीं, दो लाख 94 हजार 655 लोगों ने दूसरी डोज ली है।

पहला डोज लेने वाले कर्मियों का रैट टेस्ट जरूरी

टाटा स्टील के वैसे कर्मचारी (आश्रित व परिवार के सदस्य) दूसरे राज्य से झारखंड लौट रहे हैं लेकिन उन्होंने वैक्सीन का अब तक केवल एक भी डोज लिया है। उन्हें रैपिड एंटीजन टेस्ट (रैट) कराना अनिवार्य होगा। टाटा स्टील कर्मचारियों के लिए टाटा स्टील कंपनी परिसर स्थित स्टीलेनियम सभागार में जबकि उनके आश्रितों के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल के पैथोलॉजी लैब में रैट टेस्ट किया जा रहा है। रविवार को टाटा स्टील प्रबंधन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।