-कुंदन पाहन के अंगरक्षक ने कबूले गिरोह के कई राज

-पुलिस कर रही पूछताछ, पकड़े गए नक्सली मंगरा और सोमवारी

JAMSHEDPUR: खूंटी मुठभेड़ में शामिल दो नक्सलियों को सरायकेला पुलिस ने थर्सडे को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए दोनों नक्सली कुंदन पाहन गिरोह के सदस्य हैं। पकड़े गए नक्सली का नाम मंगरा उर्फ अर्जुन मुंडा और सोमवारी हैं। इनके पास से पुलिस ने हथियार भी बरामद किए हैं। ये दोनों गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों इलाज के लिए खरसावां पहुंचे थे। पुलिस पकड़े गए दोनों नक्सलियों से पूछताछ कर रही है।

इलाज को गए थे नक्सली

खुंटी में हुई मुठभेड़, जिसमें रांची एसएसपी को गोली लगी थी में कई नक्सली भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। इससे पुलिस ने अलर्ट जारी कर दिया था। थर्सडे को खुंटी जिले से सटे सरायकेला-खरसावां जिले में दो नक्सली इलाज के लिए पहुंचे थे। खरसावां पुलिस लगातार पूरे क्षेत्र में निगाह रखने के साथ गश्त कर रही थी। तभी एक मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि दो नक्सली गंभीर रूप से घायल हैं और इलाज के लिए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल दोनों नक्सलियों को हिरासत में लेने के साथ पूछताछ शुरू की। दोनों को हिरासत में लेने के साथ पुलिस का शक कंफर्म हो गया था कि वे दोनों नक्सली हैं। दोनों खरसावां प्रखंड कार्यालय के पास एक झोपड़ीनुमा दुकान में बैठे थे। दोनों के हाथ और पैर में गंभीर चोट लगी है। ये दोनों खुंटी जिले के ही रहने वाले हैं। पुलिस दोनों नक्सली से पूछताछ कर रही है।

इसी मुठभेड़ में घायल हुए थे रांची एसएसपी

मंगलवार को खुंटी में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने रांची से आ रही एसएसपी की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इससे एसएसपी प्रभात कुमार को गोली लग गई थी, जबकि उनके ड्राइवर रुमुल सवैया की मौत हो गई थी। इस मुठभेड़ में एक नक्सली भी मारा गया था। जबकि कई नक्सलियों के घायल होने की बात सामने आई थी। इस घटना के बाद से खुंटी इलाके में विशेष रूप से छापेमारी की जा रही थी। पुलिस की निगाह खासतौर पर हॉस्पिटल पर थी। क्योंकि घायल नक्सली इलाज के लिए हॉस्पिटल जरूर पहुंचेंगे।

वर्जन-

पकड़े गए दोनों युवक नक्सली है। दोनों से पूछताछ चल रही है। दोनों गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों नक्सली खुंटी जिले के रहने वाले हैं। मंगरा उर्फ अर्जुन मुंडा ने बताया है कि वह नक्सली कुंदन पाहन का अंगरक्षक है। साथ ही उसने कुंडन पाहन के गिरोह के बारे में भी कई जानकारी दी है।

इंद्रजीत माहथा, एसपी सरायकेला-खरसावां