JAMSHEDPUR : कोरोना से मौत की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में दो महिलाओं की मौत कोविड-19 से हुई। इसमें एक धनबाद के जामाडोबा की रहने वाली है। उनका पति टाटा स्टील का पूर्व कर्मचारी हैं। महिला हाइपरटेंशन, प्रेशर सहित अन्य गंभीर बीमारी से भी ग्रस्त थी। दूसरी मृतक महिला (67) पूर्वी सिंहभूम जिले के कदमा क्षेत्र के भाटिया बस्ती निवासी है। रविवार को सांस लेने में परेशानी सहित अन्य होने पर उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया था। इसके बाद सोमवार को कोरोना जांच कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई और उसी दिन देर रात मौत हो गई।

दाह संस्कार कर दिया

मंगलवार की शाम जिला प्रशासन ने भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनका दाह संस्कार कर दिया। मृतक के परिवार 27 जून को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बिहार का आरा गया था। 28 जून को पटना में बराती में भी शामिल भी हुआ था। 30 जून को एक सदस्य जमशेदपुर वापस लौटा। इसके बाद वह अपने दोस्तों को लिट्टी पार्टी भी दिया था।

तीन जुलाई को जमशेदपुर लौटे थे

वहीं उनके परिवार के करीब 20 सदस्य तीन जुलाई को जमशेदपुर लौटे। इसमें मृतक महिला भी शामिल हैं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मृतक के परिवार व उसके आस-पास के करीब 30 लोगों का नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं, 17 लोगों को महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक परिवार के एक सदस्य एमजीएम अस्पताल के एक-दो कर्मचारी के भी संपर्क में आया था। इसे देखते हुए उनका भी नमूना लिया गया है। जांच रिपोर्ट बुधवार को आएगी। जमशेदपुर एरिया में कोरोना से यह चौथी मौत है।