जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में मरीजों की संख्या लगातार घट रही है जो राहत देने वाली है। गुरुवार को कुल छह हजार 62 लोगों की जांच हुई। इसमें दो लोग संक्रमित मिले। एक मरीज मानगो व दूसरा मुसाबनी निवासी है। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हजार 771 हो गई है। वहीं, गुरुवार को सात हजार 452 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जिले में अभी तक कुल 12 लाख 41 हजार 696 लोगों का नमूना ली जा चुकी है।

दो मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे

शहर के विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती दो मरीज गुरुवार को स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अभी तक कुल 51 हजार 771 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.92 प्रतिशत है।

पांच प्रखंड हुआ कोरोना मुक्त

प्रखंड एक्टिव केस

बहरागोड़ा : 01

चाकुलिया : 00

धालभूमगढ़ : 00

डुमरिया : 00

घाटशिला : 02

जुगसलाई : 17

मुसाबनी : 00

पटमदा : 00

पोटका : 02

ली वैक्सीन की पहली डोज

पूर्वी सिंहभूम जिले में गुरुवार को नौ हजार 268 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली। वहीं, चार हजार 288 लोगों को दूसरी डोज दी गई। जिले में अभी तक कुल छह लाख 35 हजार 275 लोगों को पहली डोज लगी है। वहीं, दो लाख 15 हजार 958 लोगों को दूसरी डोज लगी है।

बागबेड़ा में 500 को मिली वैक्सीन

बागबेड़ा में एसडीओ संदीप कुमार मीणा के निर्देश पर गुरुवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान 500 लोगों को कोविशील्ड दी गई। वहीं, लगभग एक हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन नहीं मिल पाने के कारण वापस लौट गए। इस दौरान बीडीओ प्रवीण कुमार भी मौजूद रहे और लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों को वैक्सीन नहीं मिल पाई है उनके लिए भी जल्द ही व्यवस्था की जाएगी। शिविर को सफल बनाने में जिला पार्षद किशोर यादव, मुखिया प्रतिमा मुंडा, नीनू कुदादा, उपमुखिया कुमोद यादव, सोसो यादव,अमित आर्यन, नीरज सिंह, श्रवण मिश्रा, प्रमोद साह, कंप्यूटर ऑपरेटर संदीप विष्वकर्मा,श्वेता चौधरी, शिक्षक श्रीनिवास सिंह,दुर्गा शंकर,संजय दुबे,विराम मरांडी, एएनएम गीता महतो, पुष्पा देवी और आंगनबाड़ी सेविका-सहिया का योगदान रहा।