JAMSHEDPUR: उदयन ने यादगार प्रदर्शन करते हुए गोलमुरी गोल्फ कोर्स में संपन्न हुए टाटा ओपेन गोल्फ में रिकार्ड जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। उदयन ने 1.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट के फाइनल राउंड में सेवेन अंडर 65 का कार्ड खेल पीजीटीआइ (प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया) का नया कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने कुल 26 अंडर 262 का सबसे कम स्कोर कर खिताब अपने नाम किया। उदयन का यह आठवां पेशेवर खिताब है, जबकि इस सीजन में पीजीटीआइ का दूसरा खिताब है। यह खिताब जीतने के साथ ही उदयन पीजीटीआइ ऑर्डर ऑफ मेरिट में नवें से तीसरे स्थान पर पहुंच गए। इस जीत के साथ उनके खाते में 22 लाख 50 हजार रुपये गए। कोलकाता के एसएसपी चौरसिया 25 अंडर 263 का कार्ड खेलकर दूसरे स्थान पर रहे। दिल्ली के चिराग सिंह के साथ पटना के अमन राज संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।

खुश नजर आए उदयन

शनिवार को चौथे स्थान पर चल रहे उदयन माने ने शुरुआती दौर में बर्डीज व ईगल हासिल कर खिताब जीतने की आस को जीवंत रखा। उन्होंने सातवें व 11वें होल में बर्डीज हासिल किया। 26 अंडर में उन्होंने एरर फ्री 65 का स्कोर किया। उधर, चार बार के यूरोपियन टूर चैंपियन एसएसपी चौरसिया ने 12 फीट का बर्डीज हासिल कर प्लेहॉफ में जगह बना ली। लेकिन उदयन ने 24 अंडर का कार्ड खेल अनिर्बन लाहिरी, शुभंकर शर्मा व राशिद खान की श्रेणी में पहुंच गए। मैच के बाद उदयन ने कहा, इस सीजन में दो खिताब जीतकर काफी संतुष्ट हूं। हमने सीजन की अच्छी शुरुआत की, लेकिन मार्च से सितंबर तक का वक्त काफी चुनौतीपूर्ण रहा। 11 होल तक हमने काफी अच्छा स्कोर किया। इसके बाद सीधे 17वें होल में बर्डीज हासिल हुआ।

एसएसपी चौरसिया ने धीमी शुरुआत

12 साल के बाद जमशेदपुर में खेलने उतरे एसएसपी चौरसिया ने धीमी शुरुआत की। उन्होंने पहले, चौथे, नवें व 12वें होल में बर्डीज हासिल किया। 12वें होल में उन्होंने 12 फुट का बर्डीज मिला। लेकिन 15वें होल के बंकर में मिले बॉगी ने उन्हें निराश भी किया। लेकिन तीन बार टाटा ओपेन का खिताब जीत चुके चौरसिया को 18वें होल में बर्डीज ने प्लेऑफ में पहुंचा दिया। चिराग कुमार संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। वह चौरसिया से दो स्ट्रोक पीछे रहे। अमन राज बी चिराग के साथ तीसरे स्थान पर रहे। श्रीलंका के एन थंगराजा संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहे।

राशिद पीजीटीआइ ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन

दिल्ली के राशिद खान पीजीटीआइ के ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष स्थान पर रहे। राशिद ने इसके पूर्व यह कारनामा 2013 व 2016 में कर चुके हैं। इस सीजन में उन्होंने 66 लाख 27 हजार 650 रुपये की कमाई की है। इस सीजन में उन्होंने दो खिताब अपने नाम किए। वह पहले गोल्फर हैं, जिन्होंने पीजीटीआइ की सूची में तीसरी बार पहले स्थान में जगह बनाई। बेंगलुरू के चिक्कारंगप्पा दूसरे स्थान पर रहे। वह टाटा ओपेन गोल्फ में संयुक्त रूप से 18वें स्थान पर रहे। 19 साल के क्षितिज नावेद कौल को पीजीटीआइ का उदीयमान खिलाड़ी घोषित किया गया। उसने 29 लाख 65 हजार 420 रुपये की कमाई की। टाटा ओपेन गोल्फ में वह संयुक्त रूप से नवें स्थान पर रहे। चंडीगढ़ के आदिल बेदी दूसरे उदीयमान खिलाड़ी रहे।