जमशेदपुर : शहर में सोमवार को कोविशील्ड की 16 हजार 500 डोज पहुंची। इसे देखते हुए मंगलवार को कुल 27 सेंटरों पर वैक्सीन की पहली व दूसरी डोज दी जाएगी। सिविल सर्जन डॉ। एके लाल ने बताया कि रांची वैक्सीन पहुंचते ही जमशेदपुर भेज दिया गया। इससे मंगलवार को फिर से वैक्सीनेशन में तेजी आएगी। बताते चले कि शहर में बीते कई दिनों से वैक्सीन की कमी चल रही थी। जिसके कारण लोगों को परेशानी हो रही है। अधिकांश लोगों को वैक्सीन नहीं मिल पा रही थी। वहीं, सैकड़ों लोग दूसरी डोज से वंचित है। अब मंगलवार से धीरे-धीरे लोगों को देने का काम किया जाएगा।

इन केंद्रों पर मिलेगी 45 प्लस को दूसरी डोज

बारीडीह सामुदायिक भवन, नामदा बस्ती सामुदायिक भवन, भालुबासा सामुदायिक भवन, डिमना रोड राजस्थान भवन, धतकीडीह स्थित सामुदायिक भवन, एमजीएम मेडिकल कॉलेज, सदर अस्पताल, बिरसानगर जोन नंबर-5, सोनारी सेवा सदन, टिनप्लेट हॉस्पिटल, लक्ष्मी नगर स्वास्थ्य केंद्र, कदमा रामजनम नगर स्वास्थ्य केंद्र, एमजीएम हॉस्पिटल सहित अन्य शामिल हैं।

इन केंद्रों पर मिलेगी 18 प्लस को पहली डोज

केरला समाजम मॉडल स्कूल, गोलमुरी, आरपी पटेल स्कूल, जुगसलाई, एक्सएलआरआई, बिष्टुपुर, विद्या भारती चिन्मया स्कूल, टेल्को, हिल टॉप स्कूल, टेल्को शामिल है।

ईस्ट सिंहभूम में मिले 10पॉजिटिव

पूर्वी सिंहभूम जिले में सोमवार को कुल चार हजार 461 लोगों की जांच हुई। इसमें दस लोग संक्रमित मिले। सबसे अधिक घाटशिला, मानगो, कदमा में दो-दो मरीज मिले। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हजार 697 हो गई है। वहीं, सोमवार को एक भी मरीज की मौत नहीं हुई। जिले में अभी तक कुल 1054 मरीजों की मौत हो चुकी है। पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से सोमवार को कुल पांच हजार 148 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रिपोर्ट बुधवार तक आने की उम्मीद है। जिले में अभी तक कुल 51 हजार 697 लोगों का नमूना लिया जा चुका है।

नौ मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे

शहर के विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती कुल नौ मरीज स्वस्थ होकर सोमवार को घर लौटे। जिले में अभी तक कुल 50 हजार 573 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.84 प्रतिशत है।

किस क्षेत्र में कितने मिले पॉजिटिव

क्षेत्र : पॉजिटिव

जुगसलाई : 01

घाटशिला : 02

मानगो : 02

कदमा : 02

सोनारी : 01

बहरागोड़ा : 02

1801 लोगों ने ली दूसरी डोज

पूर्वी सिंहभूम जिले में सोमवार को कुल 448 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली। वहीं, एक हजार 801 लोगों ने दूसरी डोज ली। जिले में अभी तक कुल पांच लाख 72 हजार 208 लोगों ने पहली डोज ली। वहीं, एक लाख 50 हजार 293 लोगों ने दूसरी डोज ली है।