सरायकेला: सरायकेला के राजनगर थाना क्षेत्र के सितानी गांव में पति ने अवैध संबंध के शक में अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार सितानी गांव के दामोदर सोरेन और उसकी पत्नी डुमनी सोरेन(29) के बीच मंगलवार रात को किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हुआ।

धीरे-धीरे बढ़ गई बात

दोनों के बीच झगड़ा इतनी बढ़ गई कि पति ने घर में रखे धारदार हथियार से पत्नी डुमनी के गर्दन पर वार कर दिया। जिससे पत्नी वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ी। जिसके बाद मौके पर ही पत्नी की तड़प तड़प कर मौत हो गई। इस दौरान घर में दम्पती के तीन मासूम बच्चे भी थे।

पुलिस को मिली जानकारी

रात में घटना को अंजाम देने के बाद घर में ही पति अपने बच्चों के साथ सो गया। दूसरे दिन सुबह राजनगर पुलिस को घटना की जानकारी मिली। पुलिस दलबल के साथ सितानी गांव पहुंची और डुमनी सोरेन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। साथ ही आरोपित पति दामोदर सोरेन को गिफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार भी जब्त किया। आरोपी पति ने पुलिस के सामने हत्या की बात स्वीकारी। आरोपित दामोदर सोरेन ने बताया कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ अवैध संबंध चल रहा था। वह बार-बार उससे मिलने चली जाती थी। कई बार समझाया मगर वह नहीं समझती थी। उल्टे मुझसे झगड़ा करती थी। मंगलवार की रात को भी इसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हुआ। और आवेश में आकर पत्नी को मार डाला। आरोपी ने बताया कि उनके के तीन छोटे छोटे बच्चे हैं। जिसमें दो लड़का एवं एक लड़की है।