जमशेदपुर : आइएसडब्ल्यूपी (तार कंपनी) व जेम्को में कोरोना जांच अनिवार्य कर दिया गया है। जांच के बाद निगेटिव रिर्पोट आने के बाद ही अब कर्मचारियों को ड्यूटी मिल रही है। इसी क्रम में तार कंपनी व जेम्को कर्मियों की कोरोना जांच शुरू कर दी गई है। कंपनी परिसर में कोविड जांच शिविर लगाया गया है जिसमें कंपनी के स्थायी, ठेका मजदूर व अधिकारियों की कोरोना जांच की जा रही है। वहीं कंपनी में काम करने वाले 45 साल से ज्यादा उम्र वाले कर्मचारियों को कोविशील्ड का टीका लगाया जा रहा है। वैक्सीनेशन कराना सभी कर्मचारियों को अनिवार्य बताया गया है।

200 कर्मियों की कोरोना जांच

शुक्रवार को कुल दो सौ कर्मचारियों की कोरोना जांच की गई। इसमें कंपनी के स्थायी, अधिकारी व ठेका मजदूर भी शामिल हैं। कल तक कर्मचारियों को कोविड जांच कराने के लिए टीएमएच या फिर किसी अन्य अस्पतालों में जाना पड़ता था, वह अब बंद हो गया। कर्मचारियों की परेशानी नहीं बढ़े इसका ख्याल करते हुए कंप नी परिसर में ही एक प्राइवेट संस्था द्वारा सभी कर्मियों की कोरोना जांच की जा रही है। जो आगे भी जारी रहेगी।

45 प्लस कर्मियों के परिजनों को भी टीका

कंपनी में काम करने वाले 45 प्लस वाले कर्मचारियों को कोविशील्ड का वैक्सीन लगाया जा रहा है। वैसे कर्मचारी जिनका मेडिकल कार्ड बना हुआ है। उनके साथ उनके परिजनों को भी टीकाकरण किया जा रहा है। बीते माह से ही कर्मचारियों का वैक्सीनेशन हो रहा है। वायर प्रोडक्ट लेबर यूनियन के महासचिव पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यहां प्रतिदिन कर्मचारियों को वैक्सीन लगाया जा रहा है। 45 प्लस के बाद 18 साल से ज्यादा उम्र वाले कर्मचारियों को भी कोविशील्ड का पहला टीका लगाया जाएगा। वैसे कर्मचारी जिन्हें मेडिकली अनफिट है उन्हें कुछ दिनों के लिए वैक्सीन लगाने की मनाही है। वहीं शहर से बाहर रहने वाले वैसे कर्मचारी जो वैक्सीन ले चुके हैं उसकी जानकारी भी कंपनी को रखनी है। इसे लेकर बीते दिनों कंपनी की ओर से एक सर्कुलर भी जारी हुआ है।