जमशेदपुर (ब्यूरो): बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना के अंतर्गत बिष्टुपुर स्थित फिल्टर पंप हाउस में सोमवार से नया मोटर लगाने का कार्य शुरू हो गया। इस दौरान एजेंसी के मजदूर पुराने मोटर और फाउंडेशन, बेसमेंट को हटाने का कार्य कर रहे हैं। इस तरह जिला योजना अनाबद्ध मद से 12,60,370 रुपए की लागत राशि से 10 दिनों के अंदर नया मोटर लगा दिया जाएगा। इस राशि से 75 एचपी का मोटर, 75 एचपी का पंप सेट एवं 75 एचपी का स्टार्टर नया लगाया जाएगा। एजेंसी 1 साल तक इसका पूरी तरह मेंटेनेंस भी करेगी। वर्तमान में रांची के संवेदक बलका कॉरपोरेशन को कुल राशि का 60 प्रतिशत यानी 7,56,222 रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं। शेष राशि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संवेदक को विभाग के द्वारा भुगतान कर दिया जाएगा। इसके पूर्व पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उप मुखिया संतोष ठाकुर एवं झामुमो बागबेड़ा इकाई अध्यक्ष अजीत सिन्हा ने पंप हाउस का निरीक्षण किया।
बागबेड़ा में पानी का वितरण
पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता की पहल पर पूर्व जिप उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने अपने निजी पानी टैंकर से बागबेड़ा कॉलोनी में 16000 लीटर पीने के पानी का नि:शुल्क वितरण कराया। इस दौरान बागबेड़ा कॉलोनी स्थित चित्रगुप्त पूजा मैदान, कुंवर सिंह मैदान, नेहरू मैदान सहित रोड नंबर 1 से लेकर 6 तक पानी नि:शुल्क वितरण करवाया गया। इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उप मुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड सदस्य सीमा पांडे, बन्ना गुप्ता फैंस क्लब के अध्यक्ष अनिल सिंह, प्रतिनिधि राजकुमार सिंह, राकेश सिंह, अजीत सिंह आदि उपस्थित थे।