CHAKULIYA: प्रखंड के मटियाबांधी पंचायत अंतर्गत घाघरा गांव निवासी सहदेव सिंह (38 वर्ष) को जंगली हाथियों ने कुचल कर मार डाला। मृतक का शव सोमवार सुबह घाघरा से कुछ दूर महिषाधारा जंगल के समीप पाया गया। जानकारी के मुताबिक मृतक सहदेव सिंह रविवार शाम साइकिल से महिषाधारा की तरफ गया हुआ था। रात में वापस लौटने के क्रम में जंगली हाथियों से उसका सामना हो गया। अंधेरा होने के कारण वह दूर से हाथियों को नहीं देख पाया। अचानक नजदीक पहुंचने पर एक हाथी ने सहदेव को सूंड में लपेट कर जमीन पर पटक दिया तथा पैर से सिर कुचल दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के पदाधिकारी सोमवार सुबह मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वन विभाग की ओर से तत्काल सहायता राशि के तौर पर मृतक की पत्नी को 25 हजार रुपए दिए गए। वनपाल बुद्धदेव, जिला पार्षद जगन्नाथ महतो एवं मुखिया प्रतिनिधि हरगो¨वद सिंह ने यह राशि सौंपी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मुआवजा की शेष राशि पौने चार लाख रुपए का भुगतान विभागीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद किया जाएगा। मौके पर घाघरा के ग्राम प्रधान राजेंद्र नाथ सिंह, उप मुखिया सपन महतो, उत्तम महतो, रामचंद्र सिंह, पार्थ महतो, वनरक्षी अमित सेन महतो आदि उपस्थित थे। इधर, हाथी द्वारा कुचल कर मारे जाने से सहदेव महतो के परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। उसकी पत्नी पुत्री समेत पूरे परिवार का रो रो कर बुरा हाल था।