जमशेदपुर : शहर में शुक्रवार को अलग-अलग घटना में दो युवती समेत पांच की मौत हो गई। मानगो में सड़क हादसे में गोलमुरी के युवक की मौत हो गई। जुगसलाई में नवविवाहिता और बागबेड़ा में एक किशोरी ने खुदकुशी कर ली। वहीं विद्युत तार की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से झुलस गया।

मानगो थाना क्षेत्र के डिमना चौक से पारडीह की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर ट्रेलर की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर बन्ना गुप्ता के आइटी सेल के संस्थापक पप्पू सिंह और सदस्य भवानी सिंह मौके पर पहुंचे। कुछ समय बाद मानगो थाना की पुलिस पहुंची। चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मृतक की पहचान गोलमुरी केबुल टाउन शीशम रोड निवासी देवेश कुमार के रूप में की गई। वह ट्रांसपोर्ट कार्यालय में काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

देवेश कुमार का 1200 रुपये का गिफ्ट कूपन निकला था। शुक्रवार को 12 बजे वह कूपन लेकर मानगो बिग बाजार में खरीददारी के लिए ऑटो से निकला था। बिग बाजार के पास ऑटो से उतरकर वह जा रहा था। सामने से आ रही ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट ले लिया। वहीं चालक ने पुलिस को बताया युवक ने अचानक हाथ देकर रुकने का इशारा किया, लेकिन वाहन पर नियंत्रण नहीं कर पाया। युवक वाहन की चपेट में आ गया। पुलिस को स्वजनों से पूछताछ में जानकारी मिली मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था।

सीतारामडेरा में करंट से युवक की मौत

सीतारामडेरा थाना क्षेत्र भुइंयाडीह हयूमपाइप के कल्याण नगर निवासी सुनील कुमार मिश्रा की विद्युत तार की चपेट में आने से घायल हो गए। टाटा मुख्य अस्पताल में दाखिल कराया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक जमशेदपुर न्यायालय सदन के डालसा में पारा लीगल वोलेंटियर के रूप में कार्यरत था। पूजा-पाठ भी कराता था। दो साल पहले पश्चिम बंगाल के आसनसोल में उसकी शादी हुई थी। एक साल का बेटा है। मृतक मूल रूप से बिहार के जमुई जिले का निवासी था। भुइंयाडीह कल्याण नगर में सुनील कुमार मिश्रा टेबुल पंखा ठीक करने के दौरान विद्युत तार की चपेट में आ गए थे। सीतारामडेरा थाना की पुलिस की माने तो अभी स्वजनों से मामले को लेकर पूछताछ नहीं हो पाई है। कोई लिखित भी नहीं दी गई है। शव को शीतगृह में रखवा दिया गया है।