JAMSHEDPUR: परसुडीह थाना क्षेत्र के प्रमथनगर टेंपल रोड की ओर जाने वाले रास्ते में खेत से गुरुवार को पुलिस ने एक युवक का नग्न शव बरामद किया है। युवक की पत्थर से कूचकर हत्या की गई थी। हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने को शव के ऊपर झाडि़यों को रख दिया गया था। शव के आसपास ईंट-पत्थर के टुकड़े पड़े थे। शव को कुत्तों द्वारा नोंचने के बाद लोगों को इसकी जानकारी हुई। कुछ ही दूरी पर शराब और पानी की बोतल, प्लास्टिक के गिलास, मृतक के कपड़े पड़े हुए पाये गये। मृतक की पहचान शिवचरण सरदार परसुडीह प्रमथनगर दुर्गा महल निवासी के रूप में की गई। उसके माता-पिता मैरेज हॉल की देखभाल करते है। वह बुधवार रात से गायब था। युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। नशे का आदी था। हत्या में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। संभावना जताई जा रही कि पुरानी रंजिश में ही युवकों ने बुधवार रात उसकी हत्या कर दी। पुलिस दावा कर रही हैं कि हत्या का खुलासा जल्द कर दिया जाएगा। सुराग मिल गए हैं।

बिरसानगर में झाडि़यों से शव बरामद

उधर, बिरसानगर थाना क्षेत्र हुरलुंग में स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने गुरुवार दोपहर में एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। संभावना व्यक्त की गई कि शव तीन दिन पुराना है। मृतक की पहचान हुरलुंग निवासी विजय महतो के रूप में की गई। पुलिस ने अधिकशराब सेवन से मौत होने की संभावना जताई है। शहर में बीते एक सप्ताह से लगातार किसी न किसी थाना क्षेत्र से शव बरामद हो रहे है। सात दिन में छह शव बरामद किये जा चुके है। बीते 72 घंटे में बागबेड़ा से एक, सीतारामडेरा से दो, सिदगोड़ा और सोनारी से एक शव बरामद किया जा चुका है।