रांची(ब्यूरो)। सिटी में ट्रैफिक सिस्टम सुगम हो, इसके लिए कई कार्य हो रहे हैं। सबसे महत्वपूर्ण है सिटी में फ्लाईओवर का निर्माण होना। यदि सब कुछ योजनाबद्ध तरीके से हुआ तो आने वाले कुछ सालों में राजधानी रांची में फ्लाईओवर की चेन नजर आएगी। फिलहाल सिटी में इन दिनों तीन फ्लाईओवर का कंस्ट्रक्शन वर्क चल रहा है। वहीं छह और फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पाइपलाइन में है। इसके अलावा एक और फ्लाईओवर पर सहमति बनी है। देखा जाए तो कुछ सालों में राजधानी रांची में दस फ्लाईओवर हो जाएगी, जिससे ट्रैफिक सिस्टम काफी सुगम हो सकेगा। राजधानी में जिस नए फ्लाईओवर की चर्चा चल रही है उसका निर्माण कांटाटोली से लेकर बूटी मोड़ तक किया जाएगा। इसके लिए डीपीआर बनाने वाली कंसल्टेंसी की खोज शुरू हो गई है। रोड कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट की ओर से इच्छुक कंसल्टेंसी से डीपीआर तैयार करने के लिए अप्लीकेशन मांगा गया है। चयन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद कंसल्टेंसी को डीपीआर तैयार करने के लिए 90 दिनों का समय दिया जाएगा। वहीं, छह नए फ्लाईओवर की डीपीआर तैयार करने का काम भी शुरू कर दिया गया है।

जाम फ्री होगी सिटी

राजधानी रांची में सबसे बड़ी समस्या जाम की समस्या है। झारखंड को अलग राज्य बने 24 साल हो चुके हैं। इस लंबे सफर में शहर की आबादी में कई गुणा तक इजाफा हुआ है। लेकिन सड़क, नाली, फ्लाईओवर का निर्माण उस गति से नहीं हुआ। सड़क पर वाहनों का दबाव तो बढ़ा, लेकिन सड़क की संख्या नहीं बढ़ी। जिसका खामियाजा आज राजधानी की जनता भुगत रही है। सिटी की कोई ऐसी सड़क नहीं जहां जाम की समस्या न हो। अब गलियों में भी जाम लगना शुरू हो गया है। इधर तीन फ्लाईओवर का निर्माण भी तेजी से हो रहा है। लेकिन इनकी वजह से आवागमन पूरी तरह बाधित है। सर्विस लेन से लेकर गली-मुहल्लों की सड़क पर लंबा जाम लगा रहता है। हालांकि अगले एक साल के अंदर तीन फ्लाईओवर रेडी हो जाएंगे, जिसके बाद ट्रैफिक समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी। इसके बाद प्रस्तावित सात और फ्लाईओवर का निर्माण होने से राजधानी जाम फ्री हो जाएगी।

इन स्थानों पर बनेंगे नए फ्लाईओवर

फ्लाईओवर नंबर-1

अरगोड़ा चौक के ऊपर हरमू की ओर से डिबडीह की ओर फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसके निर्माण के बाद गाडिय़ा हरमू से आकर सीधे फ्लाईओवर से डिबडीह की ओर निकल जाएंगी। वहीं, अशोक नगर और पुंदाग, कटहल मोड़ की ओर का आवागमन पूल के नीचे से होगा।

फ्लाईओवर नंबर-2

करमटोली चौक से रिम्स के आगे तक फ्लाईओवर निर्माण की योजना है। करमटोली चौक के पास लग रहे जाम से निजात दिलाने के लिए यह व्यवस्था की जाएगी। इसके बन जाने से गाडिय़ां सीधे रिम्स के आगे निकल जाएंगी।

फ्लाईओवर नंबर-3

करमटोली चौक से एक और फ्लाईओवर का निर्माण होगा, जो बोड़ेया तक जाएगी। इससे मोरहाबादी बाजार क्षेत्र के आगे तक पूल के ऊपर से ही गाडिय़ां निकल जाएंगी। लोगों को जाम में फंसने की जरूरत नहीं होगी। फिलहाल, करमटोली से मोरहाबादी टैगोर हिल तक जाम की स्थिति बनी रहती है।

फ्लाईओवर नंबर-4

डीपीएस स्कूल के पास से बिरसा चौक होते हुए हिनू तक फ्लाईओवर का निर्माण किया जाना है। इसका सर्वे पहले भी कराया गया था। इस पूल की डीपीआर भी बनाई गई थी। लेकिन अब फिर से डीपीआर बनाई जाएगी। फ्लाईओवर के निर्माण से हिनू-एयरपोर्ट की ओर गाड़ी निकल जाएगी।

फ्लाईओवर नंबर-5

विकास से कांटाटोली होते हुए नामकुम तक फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य हो रहा है। ट्रैफिक सिस्टम को और बेहतर करने के लिए इस स्थान पर भी फ्लाईओवर बनाया जाएगा। कांटाटोली से बूटी मोड़ तक इसका निर्माण कराया जाएगा।

फ्लाईओवर नंबर-6

हरमू फ्लाईओवर भी पाइपलाइन में है। इसका विस्तार करने की योजना बन रही है। इसे बढ़ाते हुए एलपीएन शाहदेव चौक से कांके नगड़ी होते हुए रिंग रोड से जोड़ा जाएगा। इससे सीएमपीडीआई, चांदनी चौक, कांके चौक के जाम से लोगों को निजात मिलेगी।

फ्लाईओवर नंबर-7

अब एक और फ्लाईओवर निर्माण का निर्णय लिया गया है। इसका निर्माण कांटाटोली से बूटी मोड़ तक किया जाएगा। करीब पांच किमी लंबे फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाएगा। कांटाटोली से बूटी मोड़ तक कनेक्टिंग फ्लाईओवर बनने से गाडिय़ां मेकॉन चौक से सीधे कांटाटोली चौक होते हुए बूटी मोड़ तक सुगमता पूर्वक आ-जा सकेंगी।