रांची:झारखंड में कोरोना से जंग जीतने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को भी जितने नए मरीज मिले, उससे 35 अधिक मरीजों ने कोरोना को मात देते हुए विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज हासिल किया। पहली बार झारखंड में संक्रमण वृद्धि की दर दो फीसदी ने नीचे पहुंची है। सात दिनों में औसत वृद्धि दर घटकर अब 1.88 फीसदी हो गई है। हालांकि राष्ट्रीय स्तर पर यह दर 1.67 फीसदी है। राहत की खबर यह भी है कि झारखंड में कोरोना के मरीज अब 37 दिनों में दोगुने हो रहे हैं। वहीं, रिकवरी रेट बढ़कर 82.34 फीसदी हो गया है जो राष्ट्रीय दर 81.60 से अधिक है।

1349 नए मरीजों की पहचान

गुरुवार को 1386 मरीजों के स्वस्थ होने की रिपोर्ट आई है। वहीं, 1349 नए संक्रमितों की पहचान हुई। गुरुवार को जमशेदपुर के तीन और रामगढ़ के एक मरीज की मौत इलाज के क्रम में हो गई। नए संक्रमित की पहचान होने तथा पुराने मरीजों के ठीक होने के बाद राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 12,841 हो गई है। वहीं, कोरोना के कुल मामले 76438 हो गए हैं। हालांकि इनमें 62,945 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

यहां से मिले इतने मरीज

झारखंड में गुरुवार की रात जारी रिपोर्ट के अनुसार 1349 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 362, बोकारो से 48, चतरा से 43, देवघर से 36, धनबाद से 85, दुमका से 17, पूर्वी सिंहभूम से 123, गढ़वा से 112, गिरिडीह से 17, गोड्डा से 44, गुमला से 19, हजारीबाग से 78, जामताड़ा से 5, खूंटी से 5, कोडरमा से 36, लातेहार से 16, लोहरदगा से 19, पाकुड़ से 2, पलामू से 69, रामगढ़ से 32, साहेबगंज से 41, सरायकेला से 56, सिमडेगा से 5, पश्चिमी सिंहभूम से 79 मरीज मिले।

सात सेंटर्स पर 670 सैंपल कलेक्ट

रांची जिला प्रशासन की ओर से सात जगहों पर बनाए गए टे¨स्टग सेंटर पर गुरुवार को भी सैंपल कलेक्शन हुआ। इनमें 46 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव व 624 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। जिला स्कूल, राम लखन सिंह यादव कॉलेज कोकर, डोरंडा कॉलेज, जगन्नाथपुर क्लब धुर्वा, तरुण विकास मध्य विद्यालय चुटिया, खादगढ़ा बस स्टैंड, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में सैंपल कलेक्शन हुआ। शुक्रवार को खादगढ़ा बस स्टैंड, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची जिला स्कूल, राम लखन सिंह यादव कॉलेज, कोकर, डोरंडा कॉलेज, डोरंडा, जगन्नाथपुर क्लब, धुर्वा, तरुण विकास मध्य विद्यालय, चुटिया में कोविड टेस्ट के लिए सैंपल लिए जाएंगे।