अबतक मौत : 24

सक्रिय मरीज : 1387

अब तक स्वस्थ : 2249

कोरोना के कुल मामले : 3660

- कोरोना को हराकर अबतक 2249 लोग हो चुके हैं स्वस्थ

- सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 1387, पूर्वी सिंहभूम में सबसे अधिक

रांची : राज्य में कोरोना के संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। शनिवार को भी 142 नए संक्रमित की पहचान हुई। हालांकि 25 मरीज स्वस्थ भी हुए। वहीं, दूसरी गंभीर बीमारियों से ग्रसित एक पॉजिटिव मरीज की मौत भी हुई है। राज्य में लगातार पांचवें दिन सौ से अधिक मरीज मिले हैं। शनिवार को गढ़वा में 21, रांची में 15, पूर्वी सिंहभूम तथा कोडरमा में 13-13, चतरा में 12, रामगढ़ में 10, गुमला में आठ, बोकारो में छह पलामू, धनबाद तथा लोहरदगा में पांच-पांच, साहिबगंज में चार, पाकुड़ तथा लातेहार में तीन-तीन, हजारीबाग तथा देवघर में दो-दो, सिमडेगा, गोड्डा, दुमका, जामताड़ा तथा पश्चिमी सिंहभूम में एक-एक की पहचान हुई। वहीं, पूर्वी सिंहभूम में 13, कोडरमा तथा रांची में चार-चार तथा खूंटी, सरायकेला, हजारीबाग में एक-एक मरीज स्वस्थ भी हुए। इधर, साहिबगंज में एक गर्भवती महिला भी पॉजिटिव पाई गई है। गुमला में पूर्व में संक्रमित पाए गए बैंक मैनेजर के परिवार के तीन सदस्य भी संक्रमित मिले हैं जिनमें दो महिलाएं और एक पुरुष हैं।

इधर, गिरिडीह के सरिया बगोदर निवासी एक व्यक्ति की रांची के मेदांता अस्पताल में मौत हो गई। अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित यह वृद्ध इससे पहले रामगढ़ में एक निजी चिकित्सक की देखरेख में इलाज करा रहा था। उसकी स्थिति खराब होने के बाद मेदांता में भर्ती कराया गया था। बता दें कि एक दिन पूर्व भी झारखंड में 156 नए संक्रमित मिले थे। राज्य में सक्रिय केस की संख्या बढ़कर अब 1,387 हो गई है, जिसमें सबसे अधिक केस पूर्वी सिंहभूम में हैं। राज्य में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 3660 हो गए हैं, जिनमें 2249 स्वस्थ भी हुए हैं।