RANCHI: शहर में विकास कार्यो के लिए मेयर आशा लकड़ा ने राज्य सरकार से 175 करोड़ रुपए की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने नगर विकास विभाग के सचिव से भी मुलाकात की। उन्होंने सचिव के समक्ष रांची नगर निगम की आवश्यकताओं को प्रमुखता के साथ रखा और जल्द से जल्द फंड आवंटित करने की मांग की। विभाग के सचिव ने मेयर से कहा कि सड़क व नाली निर्माण के लिए फंड आवंटित करने की प्रक्रिया केंद्रीय स्तर पर चल रही है। फंड आवंटित होते ही रांची नगर निगम को डिमांड के अनुसार उपलब्ध कराया जाएगा। सचिव ने यह भी कहा कि स्ट्रीट लाइट के लिए नागरिक सुविधा मद से फंड आवंटित किया जाएगा।

नगर निगम को कम मिला फंड

सचिव ने मेयर से नगर निगम की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को दोबारा भेजने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव मिलते ही राशि आवंटित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मेयर ने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में रांची नगर निगम को आवश्यकता के अनुरूप काफी कम फंड आवंटित किया गया है। 53 वार्डो के कई इलाकों में स्थानीय लोग सड़क, नाली व स्ट्रीट लाइट की मांग कर रहे हैं।

एक रोड और टेंडर दो

मेयर ने कहा कि समाचार पत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बरियातू रोड के गढ्ढों की मरम्मत के लिए जुडको ने और बरियातू सड़क के निर्माण के लिए पथ निर्माण विभाग ने एक साथ टेंडर निकाला है। फिर भी मुख्यमंत्री के संज्ञान में अब तक यह बात नहीं आई है। उन्होंने कहा कि जिन विभागों के मंत्री स्वयं मुख्यमंत्री हैं, वहां विभागीय अधिकारियों को लूट की छूट दे दी गई है। एक ही सड़क के लिए दो विभाग अलग-अलग टेंडर निकाल रहे हैं। इसके पीछे अधिकारियों की मंशा क्या है? मुख्यमंत्री विभागीय अधिकारियों पर नकेल कसें। कहीं ऐसा न हो कि विभागीय अधिकारियों की करतूत के कारण आपकी फजीहत हो जाए।