रांची: कोरोना के नए मरीजों की पहचान के मामले में रांची और जमशेदपुर में होड़ मची है। इन दोनों जिलों में लगातार सबसे ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। रविवार को भी जमशेदपुर में 226 और रांची में 214 नए संक्रमित मिले। दूसरी ओर, बड़ी संख्या में मरीजों की रिकवरी भी हो रही है, जिससे रांची में अब 3894 एक्टिव केस बचे हैं। वह जमशेदपुर में 2040 एक्टिव केस बचे हैं। रविवार को जमशेदपुर में सबसे ज्यादा (303) मरीज स्वस्थ हुए। वहीं रांची में रिकवर होने वालों की संख्या 153 रही।

नौ की गई जान

रविवार को राज्य के 5 जिलों में 9 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसमें सबसे ज्यादा 4 मरीज जमशेदपुर के हैं। वहीं बोकारो के 2, रांची, खूंटी व हजारीबाग के एक-एक मरीजों की भी मौत हुई। इस तरह अब राज्य भर में कोरोना से मरने वालों की संख्या 679 हो गई है। अभी तक सबसे ज्यादा जमशेदपुर के ही 291 लोगों की जान जा चुकी है। रांची में कोरोना से मरने वालों की संख्या 105 हो गई है।

यहां से मिले इतने मरीज

स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार की रात जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य भर में 974 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई। इसमें रांची से 214, बोकारो से 73, देवघर से 45, धनबाद से 42, दुमका से 10, पूर्वी सिंहभूम से 226, गढ़वा से 55, गिरिडीह से 9, गोड्डा से 35, गुमला से 15, हजारीबाग से 17, जामताड़ा से 27, खूंटी से 7, कोडरमा से 31, लातेहार से 1, लोहरदगा से 28, पलामू से 32, रामगढ़ से 14, साहेबगंज से 6, सरायकेला से 35, सिमडेगा से 15, पश्चिमी सिंहभूम से 37 मरीज शामिल हैं। राज्य में संक्रमण के शिकार लोगों का कुल आंकड़ा 79909 हो चुका है। हालांकि, 66797 मरीजों की रिकवर होने के बाद अब 12433 एक्टिव केसेज बचे हैं।

स्टैटिक सेंटर्स में 423 ने कराया टेस्ट

रविवार को रांची जिला प्रशासन द्वारा स्टैटिक टेस्टिंग सेंटर में लोगों की कोविड-19 जांच की गई। कुल 07 जगहों पर बनाये गए टेस्टिंग सेंटर में सैंपल कलेक्शन का कार्य किया गया। सभी सेंटर में सुबह 10 बजे से शाम 06 बजे तक 423 लोगों का सैंपल कलेक्ट किया गया। इसमें 28 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि 395 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई। रविवार को जिला स्कूल में 73, राम लखन सिंह यादव कॉलेज, कोकर में 70, डोरंडा कॉलेज में 94, जगन्नाथपुर क्लब, धुर्वा में 88, तरुण विकास मध्य विद्यालय, चुटिया में 57, खादगढ़ा बस स्टैंड में 34 और बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में 07 लोगों ने टेस्ट के लिए सैंपल दिया।