RANCHI: रांची पुलिस ने हिंदपीढ़ी के दो मस्जिदों से 17 विदेशी समेत 5 स्वदेशी नागरिकों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से कब्जे में लेकर खेलगांव स्थित क्वारंटाइन में रखा है। डॉक्टर की देखरेख में सभी को खेलगांव में जांच के लिए रखा गया है। रविवार की देर रात रांची पुलिस की यह कार्रवाई हुई है। रांची पुलिस ने सभी को मेडिकल टीम के साथ मदीना मस्जिद और बड़ी मस्जिद से विदेशी समेत स्वदेशी नागरिक को निकाला है। विदेशी नागरिकों में मलेशिया से 8, इंग्लैंड से 3, गैम्बिया से 2, बांग्लादेश से 1, हॉलैंड से 1, वेस्ट इंडीज से 2 शामिल हैं। वहीं 5 गाइड है, जो मुंबई, दिल्ली और गुजरात के रहनेवाले हैं। डॉक्टर की टीम ने सभी का ब्लड सैंपल लिया है। हालांकि, अभी तक किसी का रिपोर्ट नहीं आया है। इधर, हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि विदेशी नागरिक मस्जिद में छिपे हैं। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर डॉक्टर की टीम के साथ दोनों मस्जिद में पुलिस टीम पहुंची। इसके बाद सभी को मेडिकल टीम के साथ सुरक्षित होम क्वारंटाइन में भेजा गया है।

जमात पर आये थे इंडिया

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हिंदपीढ़ी स्थित बड़ी मस्जिद से जिन 17 विदेशी नागरिकों को पुलिस ने क्वॉरेंटाइन में भेजा है। वह सभी केंद्र सरकार की परमिशन से जमात पर आये हुए हैं। उनको गाइड करने के लिए उनके साथ भारत के पांच अन्य लोग भी थे। सभी लोगों को पुलिस ने क्वॉरेंटाइन करके रखा है। फिलहाल सभी के बारे में जानकारी ली जा रही है। उनके पासपोर्ट और वीजा की भी जांच चल रही है।

11 विदेशी को भेजा था होम क्वारंटाइन

रांची पुलिस ने तमाड़ के रड़गांव इलाके में एक मस्जिद से 11 विदेशी नागरिकों को होम क्वारंटाइन में भेजा गया था। सभी को मुसाबनी स्थित कॉस्टेबल प्रशिक्षण स्कूल में रखा गया था। इस मामले में एनआईए और एसटीएफ की टीम ने विदेशी नागरिकों से पूरे मामले में पूछताछ की थी। मगर, विदेशी नागरिकों से दोनों जांच एजेंसी को कोई खास जानकारी नहीं दी गई थी।