रांची(ब्यूरो)। यदि आप भी रांची समेत झारखंड से बिहार के विभिन्न शहरों के लिए सफर करते हैं तो यह खबर आपको राहत देने वाली है। जी हां, बिहार से झारखंड के विभिन्न शहरों के लिए 38 नई बसें चलाई जाएंगी। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने लोक निजी भागीदारी(पीपीपी) के तहत इन बसों का परिचालन करने का निर्णय लिया है। बता दें कि रांची से बड़ी संख्या में लोग हर दिन बिहार के अलग -अलग शहरों के लिए बसों का सफर करते हैं। इनमें से कई बसें बहुत पुरानी हो गई हैं। इस कारण लंबी दूरी का सफर तय करने वाले लोगों को बहुत परेशानी होती है।

कम नहीं पड़ेंगी सीट

बस नहीं मिलने पर अब यात्री बेबस नहीं होंगे। बस में सीट उपलब्धता की भी अब कोई चिंता नहीं होगी। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम विभिन्न रूटों पर नई बसें चलाने जा रहा है। बिहार से झारखंड के बीच 15 रूटों पर 38 बसें चलाने की योजना है। इससे यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। यात्री बसों की संख्या बढऩे से जहां एक तरफ आने जाने वालों को एक ही रूट पर ज्यादा बसों की सुविधा मिलेगी, वहीं सीट उपलब्धता से भीड़ की समस्या में भी लोगों को राहत की उम्मीद है।

जहां खाली है वहां मिलेगी परमिट

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बिहार और झारखंड के अंदर बिहार राज्य से झारखंड के बीच विभिन्न शहरों के लिए रिक्तियां सामने आई हैं। यात्रियों को सुलभ परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगम ने इन खाली रूटों पर बस चलाने का निर्णय लिया है। इसमें वैसे शहरों के लिए बसें चलेंगी, जहां बहुत कम बसें चलती थी, परमिट के लिए कई जगह खाली है।

कहां से कितनी बसें

गया से टाटा के लिए चार

-बोकारो के लिए चार

-रांची के लिए दो

-देवघर के लिए दो

-धनबाद के लिए दो

पटना से रांची के लिए चार

-टाटा के लिए चार

-देवघर के लिए दो

-दुमका के लिए दो

-हजारीबाग के लिए दो

-डालटनगंज के लिए दो

हजारीबाग से गया के लिए दो

पाली से रांची के लिए दो

नवादा से रांची के लिए दो

बिहारशरीफ से बोकारो के लिए दो

15 रूट पर चलेंगी बसें

बिहार से झारखंड के विभिन्न शहरों के बीच 15 रूटों पर बस चलाने के लिए एजेंसियों से आवेदन मांगा गया है। नियमानुसार एजेंसियों का चयन किया जाएगा। मार्च 2023 के पहले बसों का परिचालन शुरू होने की उम्मीद है। सबसे खास बात है कि इन सभी रूटों पर लोग नई और हाइटेक बसों से सफर करेंगेे, अभी भी रांची के खादगढ़ा और रातू रोड से बसें बिहार के अलग-अलग शहरों के लिए चलती हैं, लेकिन बसों का कंडीशन बहुत खराब है। लोग अनकंफर्टेबल होकर सफर करते हैं। अब नई बस आने से लोगों का सफर आसान होगा।