आज डोरंडा ओवरब्रिज स्थित कुष्ठ कॉलोनी में बंटेंगे कंबल

रांची महाधर्मप्रांतीय युवा संघ सोशल नीड्स पूरे करने को समर्पित

RANCHI: रांची महाधर्मप्रांतीय युवा संघ के सदस्यों ने पॉकेट मनी से 47 परिवारों के लिए कंबल का बंदोबस्त किया है। ये कंबल सोमवार को डोरंडा ओवर ब्रिज स्थित कुष्ठ कॉलोनी में बांटे जाएंगे। युवा संघ के अध्यक्ष कुलदीप तिर्की ने बताया कि सोशल नीड्स पूरा किए बगैर धार्मिक कार्य अधूरे हैं। इसलिए एडवेंट के समय कंबल वितरण का निर्णय लिया गया है। इसमें विभिन्न पल्लियों के युवा सदस्यों ने सहयोग किया है। 18 हजार रुपए के कंबल खरीदने का बजट बना है, फिलहाल जन सहयोग के तौर पर 13.5 हजार रुपए जमा कर लिए गए हैं। डोरंडा, लालपुर, कोकर, बरियातू, कांके और प्रभात तारा धुर्वा के युवाओं ने इसमें अहम भूमिका निभाई है। युवा संघ में कुलदीप तिर्की के अलावा शीतल रुंडा, रोहित एक्का, सुमित तिग्गा आदि तमाम लोगों ने विशेष सहयोग किया है।

34 पारिस में युवा संघ

रांची डायसिस युवा संघ के अध्यक्ष कुलदीप तिर्की ने बताया कि आर्चडायसिस के अंदर में 34 पारिस हैं। सभी में एक युवा संघ जरूर है। पारिस से जो भी युवा मैट्रिक पास करते हैं। जब तक उनकी शादी नहीं होती, वे युवा संघ के सदस्य होते हैं। शादी होते ही उनकी सदस्यता खत्म हो जाती है। युवा संघ के सदस्य चर्च में होने वाले धार्मिक आयोजनों के अलावा सामाजिक कार्यो में भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। युवाओं में लीडरशिप स्किल डेवलप करना, कांफिडेंस बढ़ाना, करियर की जानकारी देना युवा संघ के सदस्यों के मुख्य कार्य हैं।

एडवेंट की तैयारी

मेरे लिए एडवेंट आनंद का समय है। हम सभी इस त्योहार में जमकर खुशी मनाते हैं। इसका कारण ईश्वर का हमारे साथ होना है।

पॉन्सियन केरकेट्टा

बालक यीशु ने जब जन्म लिया, तो सभी सितारे खुशी से चमक उठे। स्वर्गदूत खुशी से गाने लगे। यह खुशी का समय है, जहां हम पाते हैं और दूसरों को कुछ देते हैं।

रोहित एक्का

मुझे बहुत अच्छा लगता है। एडवेंट की तैयारी चल रही है। क्रिसमस के मौके पर मैं हमेशा चरनी बनाती हूं। काश, ऐसी ही चरनी हमारे दिल में भी हो, ताकि प्रेम की अनुभूति हर वक्त होती रहे।

कुमुदनी बाड़ा

प्रभु के पुनर्आगमन का इंतजार तो वर्षो से हैं। एडवेंट के समय हम प्रतीक के तौर पर मानते हैं कि ईसा आ रहे हैं, ईश्वर की महिमा के लिए मेरे जैसे युवाओं ने काफी तैयारी की है।

सुनैना लिंडा