रांची(ब्यूरो)। सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के विद्यापति नगर रोड नंबर 5 स्थित सुकुल साव के घर पुलिस कुर्की करने पहुंची। उनके घर के सारे सामान को सीज कर पुलिस अपने साथ ले गई। इस दौरान घर वालों ने सामान नहीं ले जाने का आग्रह किया, लेकिन पुलिस किसी की नहीं सुनी। दरअसल, यह पूरा मामला बिहार के झाझा थाना से जुड़ा है। बिहार पुलिस ही कुर्की करने रांची आई थी। सुखदेव नगर थाना पुलिस के सहयोग से कुर्की की प्रक्रिया पूरी की गई। कुर्की करने आए रेल थाना किऊल जीआरपी इंस्पेक्टर नसीम अहमद ने बताया कि 31 मार्च को झाझा थाना में डकैती का केस दर्ज कराया गया था, जिसमे पांच करोड़ रुपए डकैती करने का मामला था। पुलिस कई दिनों से आरोपी का पीछा कर रही है। हर बार वह फरार हो जाता है।
क्या है पूरा मामला
हरियाणा के रहने वाले एक व्यापारी हरदीप दलाल को सुकुल साव ने कोल माइनिंग लीज दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद लीज दिलाने के एवज में उसने हरदीप दलाल से पांच करोड़ की डिमांड की। हरदीप ने यह राशि सुकुल साव को दे दी। इसके बाद सुकुल साव ने लीज के सभी पेपर देने के नाम पर हरदीप को देवघर बुलाया, जहां कुछ घंटे बैठाने के बाद पांच करोड़ रुपए वापस करते हुए कहा कि आपका काम नहीं हो सकेगा। हरदीप पैसा लेकर आने लगे। लेकिन सुरक्षा की बात करते हुए सुकुल ने हरदीप के साथ अपने ही दो आदमी बॉडीगार्ड के रूप में दे दिया। झाझा थाना क्षेत्र के समीप उन्हीं व्यक्तियों द्वारा हरदीप दलाल के साथ लूटपाट की गई और रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गए। यह मामला थाना में दर्ज कर इन्वेस्टिगेशन शुरू किया गया, जिसमें परत दर परत कई राज खुलते गए।
बिहार पुलिस के 4 जवान भी शामिल
किऊल थाना प्रभारी नसीम अहमद ने बताया कि इस डकैती कांड में बिहार पुलिस के भी चार जवान शामिल हैं। केस अनुसंधान में यह बात सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य के आधार पर सभी के खिलाफ आरोप भी तय हो चुके हैं। नसीम अहमद ने बताया कि कांड से जुड़े कई आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। आरोपी जवान भी फिलहाल कस्टडी में हैं। सुकुल साव को पहले भी कई बार नोटिस भेजा गया था। बीते 14 जून को घर के बाहर इश्तेहार चिपकाया गया था। इसके बाद भी सुकुल साव ने पुलिस से संपर्क नहीं किया, जिसके बाद कुर्की का आदेश जारी कर दिया गया। कुर्की का आदेश लेकर झाझा पुलिस बीते दो दिनों से रांची में थी। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही सुकुल साव को अरेस्ट करके जेल भेज दिया जाएगा।

पांच करोड रुपए की डकैती के मुख्य आरोपी सुकुल साव के विद्यानगर स्थित घर में कुर्की की गई है। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस कुर्की करने रांची आई थी। सामानों की सीज किया गया है। सीजर लिस्ट बनाई गई है। जल्द ही मुख्य आरोपी को भी पुलिस गिफ्तार कर लेगी।
नसीम अहमद, थाना प्रभारी, किऊल, बिहार

कानूनन कुर्की गलत तरीके से की जा रही है। यह नहीं होना चाहिए। कोई भी सामान सुकुल साव के नाम पर नहीं है, बल्कि उनकी पत्नि बबिता देवी के नाम पर संपत्ति है। फिर भी पुलिस कुर्की कर रही है।
-पंकज कुमार, सुकुल साव के एडवोकेट