RANCHI: झारखंड में नई पर्यटन नीति की घोषणा 29 दिसंबर को हेमंत सोरेन सरकार के एक साल का कार्यकाल पूरा होने के दौरान की जाएगी। नई पर्यटन नीति में खास बात यह है कि करीब 70 हजार लोगों को रोजगार से जोड़ा जाएगा। इसमें डायरेक्ट और इन डायरेक्ट रूप से पर्यटन क्षेत्र के आसपास रहने वाले लोगों को जोड़ा जाएगा। इसमें पर्यटन सिपाही, पर्यटक मित्र और पर्यटक गाइड को प्रमुखता दी जाएगी। नयी पर्यटन नीति-2020 में पर्यटन स्थलों और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए टूरिज्म सिक्योरिटी फोर्स के गठन और बजट टूरिज्म पर विशेष फोकस किया गया है।

लोकल लोगों को लाभ

राज्य के पर्यटन केंद्रों को चार श्रेणियों में बांटकर विकसित किये जाने की योजना है। इससे पर्यटन के क्षेत्र में लगभग 70 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। टूरिज्म सिक्योरिटी फोर्स में स्थानीय युवाओं को नियुक्त किया जायेगा। ये पर्यटन स्थलों और पर्यटकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभायेंगे।

अलग-अलग श्रेणी में बांटा जाएगा

नई नीति में विभिन्न पर्यटन स्थलों को 12 श्रेणियों में विभाजित कर विकसित किया जायेगा। इसके तहत धार्मिक टूरिज्म, इको टूरिज्म, कल्चरल टूरिज्म, रूरल टूरिज्म, क्राफ्ट एंड कुजिन टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, वीकेंड गेटवेज, फिल्म टूरिज्म, वाटर स्पो‌र्ट्स एंड रीक्त्रिएशन पार्क, वेलनेस टूरिज्म और माइनिंग टूरिज्म शामिल हैं। इसी तरह नेतरहाट, बेतला, चांडिल, दलमा, मिरचैया, गेतलसूद को इको टूरिज्म सर्किट के तौर पर विकसित किया जायेगा। वहीं, जरूरत के हिसाब से पर्यटन स्थलों पर हेलीकॉप्टर सुविधा भी शुरू करने की योजना है।

बनाया जाएगा यूथ हॉस्टल

नई पर्यटन नीति में पर्यटकों के लिए चार दिनों का रीट्रिट प्लान का भी जिक्त्र है। इसके तहत लोगों को राज्य के पर्यटन स्थलों की सैर की व्यवस्था की जाएगी। यूथ हॉस्टल बनाने का भी नई पर्यटन नीति में प्रावधान किया गया है। पर्यटन स्थलों पर मनोरंजक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जायेगा, ताकि लोग यहां आने के लिए आकर्षित हों।

130 टूरिस्ट स्पॉट्स सेलेक्ट

झारखंड सरकार ने राज्य के 130 पर्यटन स्थलों को चिह्नित किया है। इन स्थानों पर पर्यटकों की सुरक्षा, मनोरंजन, विश्राम आदि का इंतजाम किया जाएगा। पर्यटन विभाग ने पर्यटन नीति-2020 का ड्राफ्ट तैयार किया है। इस प्रस्ताव के माध्यम से पर्यटन विभाग स्थानीय नागरिकों को टूरिस्ट गाइड बनाएगा। सरकार धार्मिक पर्यटन सर्किट और इको टूरिज्म सर्किट के विकास की योजना बना रही है।