कुल पॉजिटिव - 99428

एक्टिव - 5966

रिकवर - 92598

मौत - 864

- राज्य के 21 जिलों में मिले 383 कोरोना संक्रमित, दो की मौत

- रिकवरी रेट 93 फीसदी से ज्यादा, 24 घंटे में 470 ने दी कोरोना को मात

रांची: रांची में लंबे अर्से के बाद एक दिन में कोरोना के नए मरीजों की संख्या घटकर सौ से कम हुई है। शनिवार को रांची में केवल 86 नए मरीजों की पहचान हुई। इससे पहले 28 अगस्त को 94 मरीज मिले थे। इसके बाद लगातार 200, 300 और 400 से ज्यादा मामले मिल रहे थे। हालांकि, अन्य दिनों की तुलना में राज्य भर में शनिवार को लगभग आठ हजार कम टेस्ट हुए हैं। दूसरी ओर, रांची में टेस्ट की संख्या कम नहीं हुई। अन्य दिनों की ही तरह करीब 2200 सैंपल्स टेस्ट किए गए। इसमें केवल 86 नए मरीजों की पहचान हुई। वहीं 133 लोगों ने कोरोना को मात देते हुए विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज भी हासिल किया।

रिकवरी रेट में सुधार

राज्य में जहां एक ओर नए मरीजों के मिलने की रफ्तार धीमी हुई है, वहीं रिकवरी रेट में भी लगातार सुधार हो रहा है। रांची में अब 1895 एक्टिव केसेज बचे हैं। महीनों बाद रांची में एक्टिव केसेज की संख्या 2 हजार से कम हुई है। सि बीच रांची में रिकवरी रेट जहां 91.78 फीसदी हो गया है, वहीं राज्य के अन्य सभी जिलों में यह रेट 93.13 फीसदी पहुंच गया है। यह राष्ट्रीय औसत से 3.43 फीसदी ज्यादा है। शनिवार को राज्य के 19 जिलों से 470 मरीज स्वस्थ हुए। सबसे बड़ी संख्या (133) में रांची के मरीज रिकवर हुए हैं। वहीं कोडरमा से 61 और जमशेदपुर से 43 मरीजों के स्वस्थ होने की पुष्टि हुई है।

यहां से मिले इतने मरीज

स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार की रात जारी रिपोर्ट के अनुसार 383 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 86, बोकारो से 40, चतरा से 2, देवघर से 16, धनबाद से 50, दुमका से 4, पूर्वी सिंहभूम से 48, गढ़वा से 28, गोड्डा से 4, गुमला से 17, हजारीबाग से 16, जामताड़ा से 1, खूंटी से 21, कोडरमा से 3, लातेहार से 8, लोहरदगा से 7, रामगढ़ से 10, साहिबगंज से 2, सरायकेला से 7, सिमडेगा से 6, पश्चिमी सिंहभूम से 7 मरीजों की पहचान हुई। राज्य में अब तक 99428 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पहचान हुई है। इसमें 92598 स्वस्थ हो चुके हैं और 864 की मौत हो चुकी है। इस प्रकार अब राज्य भर में 5966 एक्टिव केसेज बचे हैं। शनिवार को कोरोना से 2 मरीजों की मौत हुई। दोनों ही रांची के मरीज थे। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।