RANCHI:झारखंड में धीरे-धीरे कोरोना संक्रमितों की संख्या कम होती जा रही है। राज्य के 24 में से 18 जिले ऐसे हैं, जहां 24 घंटे में दस से भी कम (प्रति जिले) मरीजों की पहचान हो रही है। हालांकि, कुछ जिलों में अब भी दो अंकों में नए मरीजों की पहचान हो रही है। इस मामले में रांची सबसे ऊपर है। यहां से हर रोज औसतन पचास से भी ज्यादा मरीज अब भी मिल रहे हैं। मंगलवार को रांची में 2907 सैंपल्स की जांच हुई, जिसमें 93 पॉजिटिव पाए गए। दूसरी ओर 32 मरीजों ने कोरोना को मात भी दी। राज्य भर से 191 मरीजों के स्वस्थ होने की पुष्टि हुई है।

यहां से मिले इतने मरीज

सोमवार की रात स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार कुल 233 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 93, बोकारो से 11, चतरा से 3, देवघर से 11, धनबाद से 13, दुमका से 5, पूर्वी सिंहभूम से 28, गढ़वा से 5, गिरिडीह से 3, गुमला से 4, जामताड़ा से 2, कोडरमा से 3, खूंटी से 4, लातेहार से 1, लोहरदगा से 3, पलामू से 1, रामगढ़ से 27, साहिबगंज से 5, सरायकेला से 3, सिमडेगा से 2 तथा पश्चिमी सिंहभूम से 6 मरीजों की पहचान हुई। राज्य में अब तक 107921 कोरोना संक्रमितों की पहचान हो चुकी है। इसमें 104724 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 955 की मौत हो चुकी है। इस प्रकार अब राज्य में 2242 एक्टिव केसेज बचे हैं।

रिकवरी रेट 97 फीसदी

राज्य भर में कोरोना रिकवरी रेट 97.03 फीसदी पहुंच गया है। यह राष्ट्रीय औसत से तीन फीसदी ज्यादा है। वहीं मृत्यु दर राष्ट्रीय औसत से कम है। मंगलवार को रांची तथा बोकारो में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। अब तक रांची में 193 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं अब तक सबसे ज्यादा जमशेदपुर में 350 मरीजों ने दम तोड़ा है।