रांची: विभिन्न राज्यों में बदनाम झारखंड के जामताड़ा मॉडल साइबर क्राइम पर लगाम कसने को देश भर की पुलिस कमर कस चुकी है। इनके खिलाफ देशभर की पुलिस एकजुट हो गई है। जामताड़ा मॉडल साइबर अपराध से निपटने के लिए देश की पुलिस संयुक्त रणनीति बनाकर काम करेगी। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर टीम गठित होगी, जो एक-दूसरे की मदद करेगी। टीम में झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस शामिल होंगी। यह फैसला दिल्ली में आयोजित विभिन्न राज्यों की पुलिस व साइबर एक्सप‌र्ट्स के बीच हुई बैठक में लिया गया है। इस बैठक में झारखंड से एडीजे अभियान नवीन कुमार सिंह और सीआइडी एसपी अंजनी कुमार झा शामिल हुए।

इंटरनेट बैंकिंग से बढ़ा खतरा

बता दें कि देश में इंटरनेट के जरिए बैंकिंग का काम तेजी से बढ़ा है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग साइबर क्राइम के भी शिकार हो रहे हैं। खासकर झारखंड में साइबर क्राइम फल फूल रहा है। जामताड़ा मॉडल के साइबर अपराधी पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं। पुलिस तंत्र फिलहाल इतना विकसित नहीं हो पाया है, जिससे अधिकतर मामले सुलझ नहीं पा रहे हैं और कहीं न कहीं लोग इसके शिकार हो रहे हैं।

देश भर की साइबर क्राइम का गढ़

जामताड़ा देश में साइबर क्राइम का गढ़ बनकर उभरा है। यहां से देश ही नहीं दुनिया के लोगों के साथ भी ठगी हो रही है। यह संगठित गिरोह का रूप धारण कर चुका है। देश भर की पुलिस के लिए यह परेशानी का सबब बन चुका है। अब पुलिस इसके खात्मे के लिए संगठित हो रही है।