रांची (ब्यूरो)। शुक्रवार को मेन रोड में हुए उपद्रव के 5वें दिन मंगलवार को सिटी में धीरे-धीरे जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। मेन रोड में इक्का-दुक्का ही सही दुकान खुलने लगी है। मेन रोड सहित आसपास के क्षेत्रों में भी स्थिति अब सामान्य होने लगी है। हालांकि, ग्राहकों में अब भी डर का माहौल बना हुआ है कि कभी भी कुछ भी हो सकता है। वहीं 10 जून को हुए उपद्रव मामले में रांची पुलिस की एसआईटी मंगलवार को भी विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी करती रही।
नहीं आ रहे ग्राहक
मंगलवार को भी रांची के मेन रोड की कुछ दुकानें खुलीं। हालांकि आम लोगों में डर का माहौल बना है। लोग बाजारों में नहीं आना चाहते हैं। आसपास के व्यक्ति ही मेन रोड में सामान खरीदारी करने आ रहे हैं।
जगह-जगह पुलिस बल तैनात
मेन रोड में हर 100 से 200 मीटर पर जिला प्रशासन ने कैम्प लगा पुलिस की तैनाती कर दी है। मेन रोड में आम लोगों से ज्यादा पुलिस ही दिख रही है।

क्या कहते हैं लोग
जो कुछ भी हुआ ठीक नहीं हुआ। ऐसा नहीं होना चाहिए। प्रशासन ने जो किया अच्छा किया।
शफीक अंसारी, डोरंडा

इस समय दुकानदारी नहीं होती है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने अच्छा किया है।
आशीष कुमार, डोरंडा

पहले तो कोरोना परेशान किया। अब मेन रोड के दुकानदारों की स्थिति ठीक नहीं है।
अशोक कुमार, चुटिया

इतना कम समय में कुछ नहीं होता है। घर-परिवार चलाने में दिक्कत होने लगी है।
साहेब यादव, चुटिया

रिपेयरिंग के लिए दोपहर में नहीं आते हैं शाम के समय लोग आते हैं। उसी समय दुकान बंद हो जाती है। हम क्या करें, भूखे मरें।
दासु, हिंदपीढ़ी

होलसेल दुकान है। कोई बाहर से नहीं आ रहा है। कैसे ब्रिकी करें हम।
अब्दुल रहीम, हिंदपीढ़ी

पहले कोविड ने दो सालों तक जीने नहीं दिया। अब उपद्रवियों ने दुकानदार को परेशानी में डाल दिया है।
जय प्रकाश, डेली मार्केट

यहां पर जो हुआ, अच्छा नहीं हुआ। इतना कम दुकानदारी का समय है कि खाने के लाले पड़ गए हैं।
मो अरमान, डेली मार्केट

1000 रुपए की भी ब्रिकी नहीं हो रहा है। परिवार का खर्च कैसे चलेगा।
मनीष कुमार गुप्ता, लोअर बाजार थाना क्षेत्र

मेन रोड में समान्य स्थिति है। समय सीमा को बढ़ाया जाना चाहिए।
मो हासिम, लोअर बाजार थाना क्षेत्र

प्रशासन डेरा डालकर लोगों में डर का माहौल बना रहा है। प्रशासन को पूर्ण रूप से सभी दुकानें खोलने का आदेश देना चाहिए।
अजय कुमार, कोतवाली थाना क्षेत्र

दुकान खुलने का समय कम होने के कारण बिक्री ही नहीं हो पा रही है। परेशानी बढ़ गई है।
सुरेश कुमार, फूल दुकानदार