रांची: रांची से सटे खूंटी में एक कॉलेज की छात्रा के साथ उसके मौसा ने तीन महीने पहले एक घर में हथियार के बल पर दुष्कर्म किया। मामला महिला थाना में दर्ज होने के बाद वह फरार चल रहा था। तीन महीने बाद वह हथियार लेकर फिर पहुंचा और पीडि़ता समेत परिजनों को जान से मारने की कोशिश भी की, लेकिन मिसफायर हो गया। पीडि़ता समेत परिवार के सभी सदस्य हल्ला करने लगे, जिससे स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ कर जमकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया।

मौसा के खिलाफ एफआईआर

जिले के एक कॉलेज की छात्रा के साथ उसके मौसा ने तीन महीने पहले एक घर में हथियार के बल पर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। पीडि़ता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद महिला थाना में दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ। मामला दर्ज होते ही आरोपी मौसा फरार हो गया।

फिर किया हमला

पुलिसिया दबिश ज्यादा बढ़ने के कारण आरोपी पीडि़ता के घर तीन महीने बाद हथियार लेकर पहुंचा और पीडि़ता समेत परिजनों को जान से मारने के लिए गोलियां चलाने लगा। बंदूक मिसफायर हो गया और गोली किसी को नहीं लगी, जिससे पीडि़त और उसके परिजन बच गए। उसके बाद पीडि़ता समेत परिवार के सभी सदस्य हल्ला करने लगे। शोरगुल की आवाज सुनकर स्थानीय लोग जुटे और आरोपी को पकड़कर जमकर पीट दिया।

सदर अस्पताल में आरोपी का इलाज

घटना देर रात को हुई जब सभी सो रहे थे, बावजूद स्थानीय लोगों ने एकजुटता दिखाते हुए सिरफिरे आरोपी को पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की स्थिति गंभीर होने के कारण पुलिस ने उसे सदर अस्पताल भेज दिया, जहां पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल आरोपी बोलने की स्थिति में नहीं है, इधर पुलिस भी कुछ बोलना नहीं चाह रही।

आरोपी पुलिस गिरफ्त में है और उसके पास से एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस समेत एक खोखा बरामद किया गया है। मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

आलोक कुमार, एसपी, खूंटी