रांची (ब्यूरो)। दंगे के तीसरे दिन यानी रविवार को भी रांची का मेन रोड पूरी तरह बंद रहा। एक भी दुकान नहीं खुली। मेन रोड के आसपास की दुकानों पर भी असर पड़ा। प्रशासन के अनुसार अब भी छह थाना क्षेत्रों में धारा 144 लागू है। डीसी के आदेशानुसार इन छह थाना क्षेत्रों में दोपहर एक से पांच बजे तक ही दुकानें खोलनी है। रविवार शाम सात बजे के बाद प्रशासन ने कई इलाकों में जबरन दुकानें बंद कराई। अपर बाजार, शहीद चौक, मेन रोड व अन्य इलाकों में रविवार को भी सन्नाटा पसरा रहा।

30 घंटे बाद पटरी पर जिंदगी

30 घंटे के बाद रांची में जिंदगी पटरी लौटती नजर आ रही है। मेन रोड छोड़ सिटी के दूसरे इलाकों में रौनक लौटती दिखी। लालपुर, थड़पखना, रातू रोड व दूसरे इलाकों में कुछ बहुत दुकानें खुली रहीं। लोग अपने आवश्यकतानुसार खरीदारी करते दिखे। शाम में शहर में थोड़ी रौनक जरूर लौटी लेकिन फिर भी लोगों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार को हुआ दंगा ही सिर्फ चर्चा का विषय बना रहा। राजधानी के 12 थाना क्षेत्रों में अब भी धारा 144 लागू है। शहर के सेंसेटिव इलाकों में अब भी फोर्स तैनात है। कोतवाली, अपर बाजार, हिन्दपीढ़ी, डेली मार्केट, डोरंडा, चुटिया में पुलिस के जवान तैनात हैं। इन इलाकों में सिर्फ एक से पांच बजे तक ही दुकान खोलने का आदेश है।

अफवाह फैलाने से बचें

सिटी में अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन नजर रख रहा है। प्रशासन की ओर से ऐसे लोगों को सख्त चेतावनी दी गई है। साथ ही कड़ी कार्रवाई करने के आदेश भी दिए गए हैं। रांची पुलिस भी सोशल मीडिया की मदद से आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। सोशल मीडिया में किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, फोटो, वीडियो को अपलोड करने या शेयर करने से बचने को कहा है। साथ ही एक-दूसरे के धर्म पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने से बचने की अपील रांची पुलिस की ओर से की गई है।

परीक्षार्थियों को परेशानी

सिटी में अचानक बिगड़े माहौल से न सिर्फ आम पब्लिक बल्कि, मजदूर, यात्री से लेकर परीक्षा देने वाले युवकों पर भी इसका असर पड़ा है। रविवार को सिटी के अलग-अलग इलाकों में परीक्षा का सेंटर दिया गया था। आरआरबी-एनटीपीसी परीक्षा की तिथि पहले से तय थी। लेकिन रांची के बिगड़े माहौल के कारण परीक्षार्थी अपनी परीक्षा से वंचित रह गए। रविवार को देश के विभिन्न हिस्सों से परीक्षार्थी रांची पहुंचे थे। अपने सेंटर तक पहुंचने में उन्हें काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। वाहन नहीं चलने के कारण परीक्षार्थी समय पर सेंटर नहीं पहुंच सके। इसके अलावा सभी दुकानें बंद होने के कारण खाने-पीने में भी भारी दिक्कत हुई।

पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

दंगे के तीसरे दिन भी मेन रोड समेत अन्य इलाकों में पुलिस बल तैनात दिखा। मेन रोड में पूरे दिन पुलिस फ्लैग मार्च करती रही। पुलिस गाड़ी की बजती सायरन से लोग बार-बार घरों से झांक कर बाहर देख रहे थे। राजधानी रांची में हालात धीरे-धीरे सुधर रहे हैं। लेकिन पुलिस एक भी गलती करने के मूड में नहीं है। रविवार को पुलिस अधिकारियों ने अल्बर्ट एक्का चौक से सुजाता चौक तक फ्लैग मार्च किया। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों में सख्ती के साथ गश्ती भी की जा रही है। 24 घंटे फोर्स तैनात है।