रांची : पत्थलकुदवा निवासी दंपती रांची के पुलिया रोड पर हादसे के शिकार हो गए। बाइक से हुई टक्कर में स्कूटी चला रहे पति की मौत हो गई जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना रविवार दिन के करीब 11:30 बजे की है। मृतक की पहचान एजी ऑफिस के कर्मचारी कुलदीप तिर्की के रूप में की गई है। पत्नी का नाम जया तिर्की है। वह एक अस्पताल में नर्स है। दुर्घटना में बाइक सवार युवक अमनदीप किस्कू भी घायल हो गया। वह जेल मोड़ के पास का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार दंपती पत्थलकुदवा स्थित अपने आवास से स्कूटी पर सवार होकर जा रहे थे। पत्थलकुदवा मोड़ पर मुड़ने के दौरान डांगराटोली चौक की ओर से आ रही बाइक से हुई जोरदार टक्कर के बाद स्कूटी से छिटक कर पति-पत्‍‌नी सड़क किनारे इधर-उधर जा गिरे। इस टक्कर में बाइक सवार अमनदीप भी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को अस्पताल भेजा गया। अमनदीप को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पत्नी जया तिर्की को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुलदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया।

अस्पताल ले जाने के क्रम में हुई मौत

पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद पत्थलकुदवा मोड़ पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सभी को उठाकर सदर अस्पताल भेजा। अस्पताल ले जाने के क्रम में ही कुलदीप की मौत हो गई थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल पत्नी को एक निजी अस्पताल रेफर किया गया है जबकि अमनदीप को रिम्स भेजा गया है। दोनों घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रह है।