रांची (ब्यूरो)। इस बार महंगे टिकट पर घर लौटेंगे परदेशी। जी हां, दशहरा, दिवाली और छठ पर्व आने वाला है। ऐसे में त्योहार के मौके पर कोई भला फैमिली के साथ क्यों नहीं रहना चाहेगा, लेकिन, इस बार फेस्टिव सीजन में घर लौटना महंगा पडऩे वाला है। दरअसल, फेस्टिव सीजन को देखते हुए फ्लाइट का किराया बढ़ गया है। आम दिनों की अपेक्षा फेस्टिव सीजन में किराया तीन गुना तक बढ़ गया है। एक अक्टूबर को रांची से चेन्नई व हैदराबाद का किराया 15 हजार रुपए तक पहुंच गया है। इतना ही नहीं, भीड़ बढऩे के कारण नन स्टॉप सेवाओं की सीटें भी खत्म हो रही हैं। दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद जाने के लिए पैसेंजर्स कनेक्टिंग फ्लाइट सेवाओं से जाएंगे, इन विमानों का किराया 26 हजार तक पहुंच गया है। बता दें कि रांची से दिल्ली, बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई व हैदराबाद में रहने वाले लोग अपने घर आते हैं।
ऐसे बढ़ता है किराया
एयरलाइंस अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की संख्या और सीट की उपलब्धता के आधार पर विमान सेवाओं का किराया घटता-बढ़ता रहता है। मॉनसून सीजन के दौरान सीट की उपलब्धता अधिक रहती है। इस दौरान यात्रियों को ऑफ र भी दिए जाते हैं। लेकिन फेस्टिव सीजन शुरू होते ही यात्रियों की उपलब्धता बढऩे लगती है सीट कम पड़ जाती है तो किराया भी बढऩे लगता है।
लौटने वाले ज्यादातर स्टूडेंट्स
दूसरे शहरों से रांची आने वालों में सबसे अधिक संख्या स्टूडेंट्स की होती है। झारखंड के जो स्टूडेंट्स राज्य से बाहर बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली में पढ़ाई करते हैं। वो दशहरा और छठ की छुट्टी में घर जरूर आते हैं। हालांकि, बहुत सारे ऐसे लोग भी हैं जो बाहर नौकरी और बिजनेस करते हैं लेकिन फेस्टिवल शुरू होते ही अपने घर आते हैं। ऐसे लोगों को भी अब ज्यादा किराया देकर अपने शहर वापस आना होगा।
दो माह पहले बुकिंग भी सस्ती नहीं
अब दो महीना पहले भी टिकट बुकिंग कराने पर सस्ता नहीं पड़ रहा है। पहले अगर दो महीना पहले किसी फ्लाइट में कहीं आने-जाने के लिए बुकिंग करते थे तो पैसा कम लगता था। लेकिन हाल के दिनों में कंपनियों ने सीट की उपलब्धता के आधार पर किराया तय कर दिया है। इस कारण लोग फेस्टिव सीजन में अगर दो महीना पहले भी बुकिंग कराते हैं तो उनको बहुत सस्ता नहीं पड़ता है। जबकि सीट की उपलब्धता के आधार पर जब किराया तय नहीं होता था तब बहुत कम पैसे में लोग दूसरे शहरों से रांची आ जाते थे।
रांची से महानगरों का फ्लाइट किराया
रांची से दिल्ली-तकरीबन 6000 रुपए
रांची से मुंबई-तकरीबन 5978 रुपए
रांची से हैदराबाद- 4000 से 6000 रुपए तक
रांची से बेंगलुरु-7445 रुपए
रांची से चेन्नई- 5613 रुपए

एक अक्टूबर का किराया
रांची से मुंबई, एयर एशिया: 12,489 रुपए नॉन स्टॉप
इंडिगो-19,977 रुपए वन स्टॉप

रांची से चेन्नई, इंडिगो -15743 रुपए नॉन स्टॉप
इंडिगो-25852 रुपए वन स्टॉप

रांची से हैदराबाद, इंडिगो-15743 रुपए नॉन स्टॉप
इंडिगो-23,542 रुपए वन स्टॉप

रांची से दिल्ली, एयर एशिया- 10,809 रुपए नॉन स्टॉप
इंडिगो-26482 रुपए वन स्टॉप