रांची: कोरोना महामारी ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। बहुत जरूरी होने पर ही लोग कहीं जाने का निर्णय ले रहे हैं। आलम ये है कि रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से डेली पैसेंजर्स व फ्लाइट्स की संख्या तेजी से कम होती जा रही हैं। इस एयरपोर्ट से पहले डेली छह से सात हजार पैसेंजर्स का आना जाना होता था, लेकिन पिछले 20 दिनों से यह संख्या घटकर 700 से 1000 हो गई है। इसमें भी बाहर से आने वाले लोग ही ज्यादा हैं। इतना ही नहीं, इस एयरपोर्ट से हर दिन 26 फ्लाइट्स रांची आती हैं और दूसरे शहरों के लिए जाती हैं। लेकिन वर्तमान में हर दिन 15 से 16 फ्लाइट्स ही चल रही हैं। बाकी फ्लाइट्स पैसेंजर नहीं होने की वजह से कैंसिल हो जा रही हैं।

कई शहरों का फ्लाइट्स कैंसिल

मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु, दिल्ली, हैदराबाद जाने वाली इंडिगो, विस्तारा, स्पाइसजेट के विमान लगातार कैंसिल हो रहे हैं। एक सप्ताह से लगातार एयरपोर्ट में आवाजाही कम हो गई है। रांची से जाने वाले यात्रियों की संख्या हजार के नीचे चली गई है। विमान की सीट बुकिंग भी नहीं हो रही है और विमान कंपनियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। पैसेंजर्स नहीं होने के कारण उड़ान रद्द हो रही हैं।

दो दिनों में 10 फ्लाइट्स कैंसिल

यात्रियों की कमी के चलते रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से शनिवार और रविवार को 10 फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं। ये फ्लाइट्स रांची से मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद और चेन्नई की थीं। शनिवार को स्पाइसजेट और विस्तारा की भी एक फ्लाइट ने उड़ान नहीं भरी। इन दोनों एयरलाइंस ने अपनी सारी फ्लाइट्स कैंसिल कर दी है, जबकि इंडिगो की सिर्फ छह फ्लाइट्स ने उड़ान भरी हैं। रांची एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की चार फ्लाइट उड़ान भरती हैं। यह फ्लाइट दिल्ली और मुंबई की हैं। स्पाइसजेट की तीन फ्लाइट दिल्ली और एक मुंबई के लिए उड़ान भरती हैं। स्पाइसजेट ने सभी फ्लाइट कैंसिल कर दीं। इसी तरह एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए विस्तारा की फ्लाइट उड़ान भरती हैं। इसने भी दोनों फ्लाइट रद्द कर दी थीं। एयरपोर्ट से इंडिगो की 10 फ्लाइट उड़ान भरती हैं। इनमें से छह फ्लाइट्स ने उड़ान भरी और इंडिगो ने भी अपनी चार फ्लाइट कैंसिल कर दी हैं।

टिकट भी करा रहे कैंसिल

एयरपोर्ट के अधिकारियों के अनुसार, संक्रमण का असर विमान सेवाओं पर पड़ा है। पहले बुकिंग किए गए टिकट तेजी से कैंसिल कराए जा रहे हैं। यात्री उपलब्धता अच्छी होने पर ही नियमित विमान सेवाओं की भी आवाजाही हो रही है। कम यात्री होने पर विमान कैंसिल हो रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक कोरोना के पहले फेज की समाप्ति के बाद इस साल फरवरी से विमान सफर का सिलसिला रफ्तार पकड़ने लगा था। गत 20 फरवरी को करीब सात हजार यात्रियों ने रांची से विभिन्न महानगरों के लिए आवाजाही की। इसमें दूसरे शहरों से रांची एयरपोर्ट आनेवाले 3,320 और प्रस्थान करने वाले यात्रियों की संख्या 3,580 रहीं थी। एयरलाइंस कंपनियां लगातार बढ़ते यात्रियों से उत्साहित होकर मुख्यालयों से सेवा बढ़ाने का आग्रह भी शुरू कर दी थीं, लेकिन संक्रमण के दूसरे फेज के खतरनाक स्वरूप के बाद यात्रियों की कमी से विमान सेवाओं में कमी आने लगी है।

दस अप्रैल के बाद से रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले यात्रियों की संख्या लगातार कम होती चली गई। कई फ्लाइट्स को पैसेंजर नहीं मिलने के कारण रद्द भी करना पड़ रहा है। पिछले 2 दिन से पैसेंजर नहीं मिलने के कारण 10 से अधिक फ्लाइट्स रद्द हो चुकी हैं। रांची एयरपोर्ट पर दूसरे शहरों से आने वाले लोगों की संख्या अधिक है पर यहां से जाने वाले लोगों की संख्या बहुत कम है।

-विनोद शर्मा, डायरेक्टर, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची