रांची (ब्यूरो) । रांची विमेंस कॉलेज में वार्षिक खेलकूद उत्सव का आयोजन किया गया। वार्षिक खेलकूद उत्सव 2023 -2024 के मुख्य अतिथि रांची यूनिवर्सिटी के वीसी डॉ अजित कुमार सिन्हा तथा अतिथि रांची यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ विनोद नारायण, रांची यूनिवर्सिटी की ओएसडी डॉ स्मृति सिंह, वार्ड पार्षद रौशनी खलखो रहीं। रांची यूनिवर्सिटी के कुलपति ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद मानव मन को प्रसन्न और उत्साहित बनाए रखते हैं। खेलों से नियम पालन के स्वभाव का विकास होता है।

भाईचारे की भावना

मन एकाग्र होता है, खिलाडय़िों में सहिष्णुता,धैर्य और साहस का विकास होता है तथा सामूहिक सद्भाव और भाईचारे की भावना बढ़ती है। खेल प्रतियोगिताएं मैं को हम में बदल देती हैं और हम की भावना में ही विकास संभव हो सकता है। स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ-साथ भाईचारे और सौहार्द की भावना के विकास में भी सहायक होती हैं। खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हँसी-खेल नहीं है। प्राचार्या डॉ सुप्रिया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमें शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है, मानसिक रूप से शांति प्रदान करता है, जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए शिक्षा और खेल दोनों का महत्व होता है। हम सभी के लिए शिक्षा तथा खेल दोनों आवश्यक होता है, शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी आवश्यक होता है क्योंकि खेलकूद से हमारा शरीर स्वस्थ रहता है।

मार्च पास्ट किया गया

कार्यक्रम में कॉलेज के विभिन्न विभागों की छात्राओं द्वारा मार्च पास्ट किया गया। कुल 28 विभाग के द्वारा मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया जिसमें प्रथम बीएड डिपार्टमेंट दूसरे स्थान पर हिंदी विभाग चुना गया। जिसके बाद मुख्य अतिथि ने सभी खिलाडय़िों को शपथ दिलवाई। तत्पश्चात कुल गीत का गान किया गया। इसके बाद भूगोल विभाग की छात्राओं द्वारा जुम्बा नृत्य गुडय़िा, स्नेहा, निशा और रितिका के ग्रुप द्वारा प्रस्तुत किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई जिनमें डिस्कस थ्रो में प्रथम निधि सलोमी टूटी ,द्वितीय निर्मला केरकेट्टा, तृतीय सुप्रिया मुंडा रहीं। जैवलिन थ्रो में प्रथम निर्मला केरकेट्टा, द्वितीय सुप्रिया मुंडा ,तृतीय विनीता सिंह रही। लॉन्ग जंप में प्रथम ,द्वितीय, तृतीय क्रमश: अंजलि शीतल होरो, निर्मला केरकेट्टा ,सुप्रिया मुंडा रहीं। हाई जंप में प्रथम सिमरन टोपनो, द्वितीय उषा खेस, तृतीय निर्मला केरकेट्टा रही। प्रतियोगिताओं की समाप्ति के बाद विजेता प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट, मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया कार्यक्रम के अंत में स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर, रांची विमेंस कॉलेज, डॉ सुरभि साहू ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की सभी शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रही।