RANCHI:केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एएआई) के नए अध्यक्ष बन गए हैं। मुंडा ने विपक्षी बीवीपी राव को 34-18 वोटों के अंतर से हराया। अर्जुन मुंडा का कार्यकाल चार वषरें का होगा। वहीं, हरियाणा के कैप्टन अभिमन्यु शर्मा ने उपाध्याक्ष का पद हासिल किया है, जबकि उत्तराखंड के राजेंद्र सिंह तोमर कोषाध्यक्ष के पद पर चुने गए हैं। दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश पर भारतीय तीरंदाजी महासंघ का चुनाव शनिवार को नई दिल्ली में हुआ। मुंडा ने पिछले साल भी इस पद के लिए दावेदारी की थी, लेकिन तकनीकी कारणों से उनका नामांकन रद्द हो गया था।

तीरंदाजी से रहा है जुड़ाव

केंद्रीय मंत्री सह झारखंड तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा का तीरंदाजी से जुड़ाव रहा है। मुंडा के प्रयास से 2006 में सरायकेला के दुगुनी में झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की ओर से तीरंदाजी एकेडमी की स्थापना की गई थी। यहां विशेषकर जनजातीय तीरंदाजों को तराशा जाता है। मुंडा के प्रयास से खरसावां के अर्जुना स्टेडियम में भी एक तीरंदाजी सेंटर चलता है। सरायकेला-खरसावां जिला तीरंदाजी संघ की कमान अर्जुन मुंडा की पत्‍‌नी मीरा मुंडा ने संभाल रखी है।

दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश पर चुनाव

भारतीय तीरंदाजी को अगस्त 2019 में विश्व तीरंदाजी ने दो गुटों की गुटबाजी के कारण राष्ट्रीय महासंघ को निलंबित कर दिया था। इनमें से एक गुट ने दिल्ली और दूसरे ने चंडीगढ़ में चुनाव कराए थे, जो कि अंतरराष्ट्रीय संस्था के दिशा-निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन था। दिल्ली उच्च न्यायालय ने चुनावों के लिये पी के त्रिपाठी को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया था।