RANCHI : पांचवें और अंतिम चरण के लिए झारखंड विधानसभा की 16 सीटों पर 20 दिसंबर को होने वाली वोटिंग के लिए गुरुवार की शाम चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। अंतिम दिन सभी पार्टियों के दिग्गजों ने अपना पूरा जोर लगाया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को पाकुड़, बरहेट और लिट्टीपाड़ा में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला, और कहा कि बीजेपी पूंजीपतियों को पार्टी है। इससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार साइमन मरांडी को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें दगाबाज बताया। झारखंड मुक्ति मोर्चा के सुप्रीमो शिबू सोरेन ने महेशपुर, बरहेट, पोड़ैयाहाट, महागामा और सारठ विधानसभा में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर जेएमएम के उम्मीदवारों के पक्ष में वोटिंग करने की अपील की। वहीं राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने साहेबगंज में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए मतदाताओं से अपील की। उन्होंने कहा कि बीजेपी को रोकने के लिए एकजुटता की जरूरत है। केन्द्रीय मंत्री और लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान ने भी दुमका और शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए बीजेपी और लोजपा उम्मीदवारों के लिए वोट मांगा। उन्होंने चुनावी सभा के बाद देर शाम रांची के होटल अशोक में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव में एनडीए के मुकाबले कोई नहीं है। झारखंड में बनेगी तो बस एनडीए की सरकार।

16 सीटों पर होगा मतदान

झारखंड विधानसभा चुनाव में पांचवें और अंतिम चरण में 20 दिसंबर को 16 सीटों पर वोटिंग होगी। जिसमें संताल परगना की सीटें शामिल हैं। जिसमें राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, सारठ, पोड़ैयाहाट, गोड्डा और महागामा सीटें शामिल हैं।