रांची (ब्यूरो) । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को दुमका लोकसभा के अंतर्गत नाला विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में दुमका लोकसभा के प्रत्याशी सीता सोरेन के पक्ष में जनसंपर्क अभियान के तहत बैठक को सम्बोधित किया।

साथ ही, प्रदेश अध्यक्ष ने दुमका लोकसभा अंतर्गत जनसंपर्क कर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र में तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बननी तय है। तीसरे कार्यकाल में मोदी सरकार गांव, गरीब, वंचित और महिलाओं के लिए समर्पित रहेगी। उन्होंने कहा कि यह झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस दोनों ही संताल परगना में चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों पार्टी झारखंड के विरोधी रहे हैं। झारखंडवासियों के भी विरोधी रहे हैं। 55 वर्षों तक कांग्रेस पार्टी ने देश में राज किया। झारखंड मुक्ति मोर्चा इन्हीं के साथ रहा, लेकिन इन लोगों ने झारखंड अलग राज्य नहीं बनाया।

अलग राज्य का गठन

उन्होंने कहा कि भाजपा ने वादा किया था कि केंद्र में हमारी सरकार बनने पर झारखंड अलग राज्य का गठन किया जाएगा। केंद्र में अटल बिहारी वाजपेई के नेतृत्व में सरकार बनने पर झारखंड अलग राज्य बना। झारखंड अलग राज्य भाजपा और अटल बिहारी वाजपेई की देन है। जिस पार्टी ने झारखंड अलग राज्य बनाया है, हमें उसी पार्टी को वोट करना है।

उन्होंने कहा कि झामुमो और कांग्रेस विकास के भी विरोधी हैं। पहले गांव तक सडक़ें नहीं हुआ करती थी। नदी नाले में पुल भी नहीं हुआ करता था। घरों तक बिजली भी नहीं थी। जब केंद्र में और झारखंड में बीजेपी की सरकार बनी, तब गांव तक सडक़ बन गई। घर-घर तक बिजली पहुंच गई। बिजली नहीं रहने से केरोसिन और लालटेन के लिए सभी इधर-उधर दौड़ लगाते थे।