- पहली बार पक्षी से टकराने के बाद प्लेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका गया,

- दोबारा उड़ान के दौरान रनवे पर विमान के पिछले हिस्से से निकलने लगी आग

- कोलकाता से दूसरा विमान मंगाकर यात्रियों को भेजा गया मुंबई

रांची : रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से शनिवार को 176 यात्रियों को लेकर मुंबई के लिए उड़ान भर रहा विमान एक ही दिन में दो बार हादसे का शिकार होते-होते बचा। एयर एशिया का यह विमान दोपहर 11.45 बजे जब टेकऑफ के लिए रनवे पर दौड़ रहा था, उसी समय एक पक्षी विमान से टकरा गया। पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर तत्काल विमान को रोका। जांच करने के बाद जब प्लेन को दोबारा रवाना किया जा रहा था तो रनवे पर विमान के इंजन से धुएं के साथ आग की लपटें निकलती दिखाई दी।

लगानी पड़ी इमरजेंसी ब्रेक

हालांकि दोबारा भी इमरजेंसी ब्रेक लगाकर पायलट ने प्लेन को रोक लिया। कुछ ही देर के अंतराल में दो बार हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बचे प्लेन पर सवार 176 यात्री काफी देर तक डरे-सहमे रहे। बाद में कोलकाता से एयर एशिया का दूसरा 180 सीटर विमान मंगाकर रात आठ बजे यात्रियों को मुंबई के लिए रवाना किया गया। एयरपोर्ट पर विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।

पक्षी ब्लेड से टकराया

एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार दोपहर पौने 12 बजे जब विमान रनवे पर दौड़ रहा था तो सामने से एक पक्षी इसके ब्लेड से टकरा गया। इससे विमान में सवार यात्रियों को जोर का झटका महसूस हुआ। सभी घबरा गए थे। क्रू मेंबर ने यात्रियों को समझाया और जानकारी दी कि खतरे जैसी कोई बात नहीं है। विमान से एक पक्षी टकराया है। इसलिए विमान को रोका गया है। विमान के रुकते ही एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा तकनीकी अधिकारियों को लेकर विमान के पास पहुंचे और जांच करने के आदेश दिए। इसके बाद इंजीनियरों ने विमान के इंजन की जांच शुरू की।

----

दोबारा हुआ हादसा

हादसे के बाद एयरपोर्ट के अधिकारियों ने सोचा था कि इंजन की जांच के बाद विमान को ढाई बजे तक रवाना कर दिया जाएगा। इसीलिए यात्रियों को विमान से नहीं उतारा गया, लेकिन जांच का काम ढाई बजे तक खत्म नहीं हुआ। बाद में जांच का काम खत्म होने के बाद, शाम चार बजे जब विमान उड़ान भरने के लिए दोबारा रनवे पर दौड़ रहा था तो अचानक उसके इंजन से धुएं के साथ आग की लपटें निकलने लगीं। इसके बाद, पायलट ने फिर इमरजेंसी ब्रेक लगा कर विमान को रोका। इसके बाद, मुसाफिरों को विमान से उतार कर एयरपोर्ट पर रोका गया।

एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा

विमान को घंटों रोककर दोबारा मुंबई के लिए रवाना करने की कोशिश को लेकर यात्रियों में नाराजगी देखी गई। यात्रियों का कहना था कि जब विमान में खराबी थी तो एयर एशिया को उनके लिए दूसरे विमान का इंतजाम करना चाहिए था, जबकि एक बार हादसे का शिकार हो चुके विमान को ही दोबारा भेजने की कोशिश हुई। बाद में रात में दूसरा विमान मंगाया गया। यात्रियों को 9 घंटे इंतजार करना पड़ा।