रांची(ब्यूरो)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने झामुमो पर बड़ा निशाना साधा है। बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि ईडी द्वारा प्रस्तुत चार्जशीट हेमंत सरकार के भ्रष्टाचार का दस्तावेज है। आज पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेनजी की धर्मपत्नी भाजपा पर उनके पति को परेशान करने का आरोप लगा रही हैं। उन्होंने कहा कि कल्पना सोरेनजी केवल ईडी द्वारा प्रस्तुत 191 पन्नों की चार्जशीट को अक्षरश: पढ़ लें, आपको हेमंत सोरेन के जेल जाने के कारण का पता चल जाएगा। बाबूलाल मरांडी 5 अप्रैल को मेदिनीनगर पलामू में पार्टी द्वारा आयोजित विधानसभा स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

हेमंत सरकार ने चौतरफा लूटा

श्री मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार ने राज्य को चौतरफा लूटा। बालू, पत्थर, कोयला, लोहा, जमीन सब लूटा। नाम बदल-बदल कर लूटा। उन्होंने कहा कि यही नहीं रुके, बल्कि युवाओं की नौकरी भी लुटवा दी। एक तरफ भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा है, भ्रष्टाचारियों की बारात है, दूसरी ओर भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने की मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि आज सारे भ्रष्टाचारी, भारत विरोधी, सनातन विरोधी, विकास विरोधी ताकतें मोदीजी को हटाने की बात कर रही हैं। जबकि जनता तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए संकल्पित है।

हर बूथ पर बढ़ाएं 370 वोट

उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश के गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़ी, महिला सभी विकास की मुख्यधारा से जुड़े हैं। देश के 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। सड़क, बिजली, हाईवे, आईआईटी, एम्स, आईआईएम, हवाई अड्डा, रेलवे स्टेशन सुविधाओं में वृद्धि हुई है। देश के 80 करोड़ लोगों तक मुफ्त राशन की व्यवस्था सुनिश्चित हुई। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट से भारत को ही नहीं, विश्व को भारत ने मोदी जी के नेतृत्व में उबारा। विकसित भारत की गारंटी ही मोदी गारंटी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 10 परसेंट वोट बढ़ाने का आह्वान किया। कहा, प्रत्येक बूथ पर 370 वोट बढ़ाएं और अबकी बार 400 पार का संकल्प पूरा करें।

मोदीजी के 10 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां जनता को बताएं : अजय आलोक

भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया विभाग की बैठक में राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक उपस्थित हुए। उन्होंने लोकसभा चुनाव के दृष्टिकोण से मीडिया विभाग की भूमिका को विस्तार से बताया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 वर्षो की उपलब्धियां जनता के बीच लेकर जानी है। कहा कि भाजपा को देवतुल्य जनता से मिल रहा अपार स्नेह दिखाता है कि पिछले 10 वर्षों में यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बदलते और आगे बढ़ते भारत को देखा है, जो अब विकसित होने की और अग्रसर है। कहा कि फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार के संकल्प के साथ कार्य में लग जाएं।

राज्य सरकार जनता की गुनाहगार

कहा कि हेमंत-चम्पाई सरकार हर क्षेत्र में जनता की गुनाहगार और धोखा देने वाली है। चाहे वो महिला हो, युवा हो, किसान हो, जनजाति समाज हो, हर किसी को सिर्फ ठगा गया है। सारे गुनाहों को भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर बताएं। बता दें कि लोकसभा चुनाव के दृष्टिकोण से उन्हें बिहार और झारखंड के मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी गई है। बैठक में मुख्य रूप से शिवपूजन पाठक, प्रतुल शाहदेव, प्रदीप सिन्हा, अशोक बड़ाईक, अविनेश सिंह, रमाकांत महतो, संदीप वर्मा, राफिया नाज़, अजय राय, तारिक इमरान, मुकेश सिंह, मृत्युंजय कुमार, प्रिंस कुमार, पुरुषोत्तम राय, राजीव राज उपस्थित थे।